
जयपुर। शुरुआत में निवेश पर मोटा मुनाफा लौटाकर भरोसा जीतना और फिर बड़ी रकम जमा होते ही बहाने बनाकर गायब हो जाना। जयपुर में साइबर ठगी का ऐसा ही मामला सामने आया है। साइबर थाना पुलिस ने 'फ्लिंटी कॉइन' में निवेश के नाम पर 87 लाख रुपए की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने निवेशकों को हर महीने 10 से 15 फीसदी तक मुनाफा देने का लालच दिया। इसके लिए फर्जी वेबसाइट और मोबाइल ऐप तैयार किया गया था, जिस पर निवेशकों को उनकी जमा रकम लगातार बढ़ती हुई दिखाई देती थी।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर (क्राइम) डॉ. रामेश्वर सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम कांदेल (35) निवासी सामोद और मोहित कलोया (27) निवासी बिहारीपुरा के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता ने अगस्त 2024 से अगस्त 2025 के बीच ऑनलाइन और नकद माध्यम से आरोपियों के पास कुल 87 लाख रुपए निवेश किए थे। शुरुआत में मुनाफा मिलने के कारण उन्हें निवेश पर भरोसा हो गया, लेकिन बाद में आरोपियों ने रकम लौटाना बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने लोगों का भरोसा जीतने के लिए 'मोशन मोडेक्सिस प्राइवेट लिमिटेड' के नाम से सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और ऑनलाइन गेमिंग कंपनी का कॉर्पोरेट ऑफिस खोल रखा था। कंपनी के इस स्वरूप से निवेशकों को कारोबार वास्तविक होने का भरोसा होता था। आरोपियों ने 'फ्लिंटी लाइव' नाम से वेबसाइट और मोबाइल एप्लीकेशन भी तैयार की थी। इस ऐप पर निवेशकों को उनकी जमा रकम के साथ रोजाना बढ़ता हुआ बैलेंस और मुनाफा दिखाई देता था। इससे निवेशकों को लगता था कि उनका पैसा लगातार बढ़ रहा है और वे अधिक रकम लगाने के लिए तैयार हो जाते थे।
जांच के अनुसार, आरोपियों ने शुरुआत में निवेशकों को 10 से 15 फीसदी तक मासिक मुनाफा दिया। इससे उनका भरोसा मजबूत हुआ। इसके बाद निवेशकों ने अपनी बचत के साथ बैंक से कर्ज लेकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर भी बड़ी रकम निवेश कर दी। जब आरोपियों के पास बड़ी रकम जमा हो गई तो उन्होंने भुगतान रोक दिया। निवेशकों को पैसा मांगने पर 'फेमा एक्ट लागू होने' और 'पेमेंट गेटवे बंद होने' जैसे बहाने बताए गए। इसके बाद रकम वापस नहीं की गई और आरोपी फरार हो गए। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के लेन-देन की पड़ताल कर रही है।