जयपुर

जयपुर को बड़ी राहत; 1886 करोड़ से बिछेगी नई मेगा पाइपलाइन, 30 साल तक नहीं होगी पानी की किल्लत

Bisalpur Pipeline Project: जयपुर में बीसलपुर जलापूर्ति में शटडाउन से शहर की जलापूर्ति प्रभावित होने की समस्या से लोगों को बड़ी राहत जल्द ही मिलने वाली है। बीसलपुर प्रोजेक्ट विंग जल्द ही बीसलपुर से जयपुर तक बिछाई जाने वाली नई पाइप लाइन की डीपीआर तैयार करेगी।

2 min read
Apr 13, 2026
बीसलपुर डेम का विहंगम दृश्य, पत्रिका फोटो

Bisalpur Pipeline Project: जयपुर में बीसलपुर जलापूर्ति में शटडाउन से शहर की जलापूर्ति प्रभावित होने की समस्या से लोगों को बड़ी राहत जल्द ही मिलने वाली है। बीसलपुर प्रोजेक्ट विंग जल्द ही बीसलपुर से जयपुर तक बिछाई जाने वाली नई पाइप लाइन की डीपीआर तैयार करेगी। आगामी एक माह में डीपीआर तैयार होने के बाद जलदाय विभाग टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा।

ये भी पढ़ें

Jaipur: आरजीएचएस पोर्टल पर फर्जी दस्तावेज से बड़े घोटाले का खुलासा, निजी अस्पताल संचालक गिरफ्तार

प्रोजेक्ट में पहले से शामिल

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जयपुर शहर में बीसलपुर पानी की आपूर्ति 2009 में शुरू हुई। बीसलपुर जयपुर प्रोजेक्ट में इनलेट पाइप लाइन एक ही रखी गई थी। जबकि प्रोजेक्ट में एक अतिरिक्त इनलेट पाइप लाइन भी पहले से प्रस्तावित रखी गई। इसके लिए जमीन अवाप्ति भी उसी वक्त कर ली गई लेकिन बीसलपुर से जयपुर तक अतिरिक्त पाइप लाइन बिछाने का काम गति नहीं पकड़ पाया। अतिरिक्त पाइपलाइन होने पर फॉल्ट की स्थिति में लिए जा रहे शटडाउन को टाला जा सकता है।

शटडाउन बढ़ा रहा शहर की प्यास

बीसलपुर पाइप लाइन में बड़े लीकेज और अन्य तकनीकी कारणों से हर साल दो तीन बार विभाग शटडाउन लेता है। जिसके चलते जयपुर शहर में सरकारी जलापूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो जाती है। बीते माह भी विभाग ने रेनवाल के नजदीक बीसलपुर मेन सप्लाई लाइन के लीकेज को ठीक करने के लिए शटडाउन लिया था। जिस पर एक दिन पूरे जयपुर शहर में सरकारी जलापूर्ति ठप रही।

अफसर ये बोले…

बीसलपुर से जयपुर तक बिछने वाली नई पाइप लाइन की डीपीआर एक माह में तैयार होगी। डीपीआर बनते ही जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पत्रिका के 11 अप्रेल के अंक में 17 साल पुरानी पाइप लाइन और इसके 33 लीकेज का खुलासा किया गया था।

नई पाइप लाइन बिछाने के लिए डीपीआर बनाने में हो रही देरी को लेकर अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजय सिंह राठौड़ से बात की। उन्होंने बताया कि नई पाइप लाइन बिछाने की डीपीआर एक महीने में तैयार कर ली जाएगी। डीपीआर को बीसलपुर प्रोजेक्ट विंग, विभाग से सेवानिवृत इंजीनियर की टीम तैयार करेगी। नई लाइन बिछाने के लिए जमीन की जरूरत नहीं होगी क्योंकि पहले से ही लाइन के पास जमीन आरक्षित है।

नई पाइप लाइन बिछने के बाद आगामी 30 साल तक जयपुर शहर की पेयजल जरूरतों को आसानी से पूरा किया जा सकेगा। राठौड़ ने बताया कि डीपीआर बनते ही जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर नई लाइन बिछाने के काम को धरातल पर उतारने की कोशिश की जाएगी। गौरतलब है कि सरकार ने बजट में जयपुर शहर की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए 1886 करोड़ की लागत की बीसलपुर से बालावाला तक नई पाइप लाइन बिछाने की घोषणा की थी।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: रीको का बड़ा प्लान; राजस्थान में 5 नए इंडस्ट्रियल एरिया बनेंगे, 800 भूखंड तैयार
Also Read
View All