जयपुर

जयपुर में सफाईकर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, भर्ती और अन्य मांगों पर बातचीत बेनतीजा, जानें क्या है 11 सूत्रीय मांग

Jaipur sanitation workers strike: जयपुर में सफाईकर्मियों ने भर्ती सहित मुख्य मांगों पर सहमति नहीं बनने के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। मंगलवार शाम से सफाई प्रभावित रही और बुधवार से सड़कों व घर-घर कचरा संग्रहण पर असर पड़ेगा।
2 min read
Nov 26, 2025
Jaipur sanitation workers strike
Jaipur sanitation workers strike (Patrika Photo)

Jaipur sanitation workers strike: राजधानी जयपुर में सफाईकर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का एलान कर दिया है। मंगलवार को शाम की सफाई व्यवस्था प्रभावित रही। बुधवार सुबह से शहर की सड़कों पर सफाईकर्मी नजर नहीं आएंगे। घर-घर कचरा संग्रहण पर भी असर पड़ेगा। हालांकि, सफाईकर्मियों का एक धड़ा पहले की तरह काम जारी रखेगा।

मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ के बैनर तले बैठक आयोजित हुई। सफाईकर्मी भर्ती समेत मुख्य मांगों पर सहमति नहीं बनने के बाद हड़ताल का निर्णय लिया गया। शहरभर से आए सफाईकर्मियों ने आम सभा में भाग लिया। इस दौरान अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने बातचीत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला सका।

वहीं, संघ अध्यक्ष नंदकिशोर डंडोरिया का आमरण अनशन पांचवें दिन भी जारी रहा। इस मामले में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा बुधवार को निगम अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। वे भर्ती प्रक्रिया शुरू कराने और अन्य मांगों पर चर्चा करेंगे।

कई मांगों पर सहमति

निगम प्रशासन की ओर से एक कमेटी का गठन किया गया। उपायुक्त पुष्पेंद्र सिंह राठौड़, ओम थानवी, अपर्णा शर्मा, कविता चौधरी और रेखा मीणा को शामिल कर कमेटी बनाई। संघ से वार्ता में मोबाइल एप से हाजिरी लगाने के फैसले को स्थगित करने का फैसला लिया। सफाईकर्मी भर्ती, कोर्ट केस के प्रकरणों में नियुक्ति, वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति और स्वैच्छिक सेवानिवृति के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखा जाएगा। हालांकि, संघ पदाधिकारियों का कहना है कि हड़‌ताल जारी रहेगी।

सफाई कर्मचारियों की प्रमुख मांगें

-मोबाइल एप आधारित हाजिरी प्रणाली तुरंत समाप्त की जाए
-ठेकेदारी प्रथा समाप्त किया जाए
-लंबित सफाई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए
-गंभीर बीमारी/मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को तुरंत नियुक्ति दी जाए
-4 अगस्त 2024 कोर्ट समझौते के पात्र कर्मचारियों को नियुक्ति-पत्र जारी किया जाए
-जमादार से मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक तक पदोन्नति प्रक्रिया शुरू की जाए
-दफ्तरों में बैठे कर्मचारियों को मूल सफाई कार्य में लगाया जाए
-जोखिम भत्ता बढ़ाया जाए

पिछले एक महीने से लगातार मांगों को लेकर अधिकारियों को अवगत करा रहे हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। ज्ञापन भी सौंपे गए, जिसके बाद मजबूरी में कार्य बहिष्कार का निर्णय लेना पड़ा। मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
-नंदकिशोर डंडोरिया, अध्यक्ष, संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ

संघ की ओर से निगम प्रशासन पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। कई मांगों पर सहमति बन चुकी है। सफाईकर्मियों के हित बाधित नहीं हो रहे हैं। कुछ लोग अपनी राजनीति और स्वार्थ के लिए माहौल बिगाड़ रहे हैं।
-पवन चौधरी, सफाई कर्मचारी नेता

निगम स्तर के कई प्रकरणों का निस्तारण किया जा रहा है। संघ पदाधिकारियों के साथ लगातार बातचीत हो रही है। कुछ मांगों का समाधान स्वायत्त शासन विभाग स्तर पर होना है, जिसकी जानकारी दे दी गई है। उम्मीद है कि हड़ताल जल्द समाप्त होगी।
-गौरव सैनी, आयुक्त, नगर निगम जयपुर

Updated on:
26 Nov 2025 09:05 am
Published on:
26 Nov 2025 09:05 am