जयपुर

जयपुर में करतारपुरा नाला होगा पक्का, JDA ने शुरू किया सीमांकन; इन कॉलोनियों को मिलेगी बड़ी राहत

जयपुर में जेडीए ने करतारपुरा नाले के शेष 4.3 किमी हिस्से का सीमांकन शुरू किया। 139.32 करोड़ की लागत से निर्माण मई 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है। दो दर्जन से अधिक कॉलोनियों को जलभराव से राहत मिलेगी।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 10:49 AM IST
Jaipur Kartarpura Drain Construction
निर्माण प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुछ इस तरह नजर आएगा करतारपुरा नाला (पत्रिका फोटो)

Jaipur Kartarpura Drain Construction: जयपुर: बारिश के दिनों में जलभराव से जूझ रहे करतारपुरा नाले के आसपास की दो दर्जन से अधिक कॉलोनियों के लोगों के लिए राहत की खबर है। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने नाले के शेष 4.3 किलोमीटर हिस्से को पक्का करने की तैयारी शुरू कर दी है। सवाई माधोपुर रेलवे लाइन के पास सुदर्शनपुरा से शिप्रा पथ तक नाले का निर्माण होगा। इस पर 139.32 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे और काम मई 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है।


32.60 मीटर तय है चौड़ाई, सर्वे और सीमांकन शुरू


करतारपुरा नाले की कुल लंबाई 11.4 किलोमीटर है। इसमें से 7.1 किलोमीटर हिस्सा पहले ही बन चुका है। अब बाकी हिस्से के निर्माण के लिए नाले की निर्धारित चौड़ाई और सीमा का सर्वे किया जा रहा है। इसके साथ ही लेवल लेने और सीमांकन का काम भी शुरू हो गया है। नाले की निर्धारित चौड़ाई 32.60 मीटर है।


नाले के दायरे में करीब 400 निर्माण, सर्वे से साफ होगी स्थिति


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 400 निर्माण नाले के निर्धारित दायरे में आ रहे हैं। संबंधित जोन उपायुक्त इनका आकलन कर रहे हैं। सर्वे पूरा होने के बाद पता चलेगा कि इनमें से कितने निर्माण पूरी तरह और कितने आंशिक रूप से प्रभावित होंगे।

जेडीए के अधिशासी अभियंता विकास शर्मा के मुताबिक, नाले के निर्माण की तैयारियां चल रही हैं। सर्वे, लेवल और सीमांकन के साथ दायरे में आने वाले निर्माणों का आकलन किया जा रहा है। मुख्य निर्माण कार्य दिसंबर में शुरू होने की संभावना है।


बारिश का पानी सहेजने के लिए बनेंगे 25 रिचार्ज वेल


परियोजना में बारिश का पानी सहेजने के लिए 25 रिचार्ज वेल बनाने का भी प्रावधान है। इनसे वर्षा जल संरक्षण और भूजल रिचार्ज में मदद मिलेगी। नाला पक्का होने से आसपास की कॉलोनियों में बारिश के पानी की निकासी बेहतर होगी।

जलभराव कम होने से बारिश के दौरान कॉलोनियों में आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। नाले की सफाई में भी सुविधा होगी। बेहतर जल निकासी और सफाई से आसपास गंदगी और मच्छरों की समस्या कम होने की उम्मीद है।

Updated on:
29 Nov 2026, 10:49 AM IST
Published on: