जयपुर

जयपुर में हरे कृष्णा मार्ग पर JDA का नया प्रयोग पहले ही दिन फेल! यू-टर्न में फंसा कंटेनर, लोग बोले- आगे जाएं या पीछे?

राजधानी जयपुर के हरे कृष्णा मार्ग पर शुरू हुआ JDA का यू-टर्न प्रयोग पहले ही दिन सवालों में घिर गया। यू-टर्न पर कंटेनर फंस गया और दीवार क्षतिग्रस्त हुई। कई वाहन चालक रॉन्ग साइड से जाते दिखे। पैदल राहगीर और निराश्रित पशु भी व्यवस्था में बाधा बने।
3 min read
Sep 22, 2026
jaipur jda experiment fails
यू-टर्न में घुमाव के दौरान फंसा कंटेनर (पत्रिका फोटो)

जयपुर: जेडीए ने यू-टर्न इस दावे के साथ शुरू किया कि वाहन चालकों को बार-बार सिग्नल पर रुकना नहीं पड़ेगा, ट्रैफिक सरपट दौड़ेगा, लेकिन पहले ही दिन यू-टर्न ने रफ्तार की जगह उलझन परोस दी। जगतपुरा के हरे कृष्णा मार्ग (महल रोड) पर सोमवार से शुरू यू-टर्न प्रयोग को लेकर जेडीए ने पिछले कई दिनों से तैयारियां की थीं, फिर भी सोमवार को यू-टर्न पर कंटेनर फंस गया। उसे घुमाते समय दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

जैसे-तैसे कंटेनर तो निकल गया, लेकिन यू-टर्न व्यस्था की पोल खोल गया। इस दौरान पीछे आ रहे वाहनों को रोकना पड़ा और तैनात गार्डों ने कुछ वाहनों को सीधे आगे भेजा। वहीं, कई वाहन चालक रॉन्ग साइड से जाते दिखाई दिए। इससे जेडीए की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। राजस्थान पत्रिका रिपोर्टर ने मौके पर यू-टर्न व्यवस्था देखी, जहां हर टर्न पर नई चुनौती नजर आई।

घूमने के दौरान दीवार पर चढ़ा कंटेनर

ट्रायल में ट्रोला घुमाया, कंटेनर फंसा

कुछ दिन पहले जेडीए ने यू-टर्न पर ट्रोले को घुमाकर दिखाया था और दावा किया था कि बड़े वाहन आसानी से निकल सकेंगे। उस दौरान ट्रोले को बेहद धीमी गति से निकाला गया था। पहले ही दिन कंटेनर के फंसने से जमीनी स्थिति सामने आ गई।

रॉन्ग साइड भी दौड़े कई वाहन चालक

लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए जेडीए ने अधिकारियों से लेकर गार्ड तक पूरी मशीनरी मैदान में उतार दी। 8 अभियंता और 8 तहसीलदारों को दो पारियों में तैनात किया गया है। 60 गार्ड भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद वाहन चालक कई जगह भ्रमित नजर आए और गलत दिशा में जाते दिखाई दिए।

रोड पार करते हुए युवक

गार्ड तैनात थे…फिर वाहनों के बीच ये कैसे घुसे

व्यवस्था के बीच यू-टर्न क्षेत्र में निराश्रित पशु भी घूमते नजर आए। सीमित जगह, धीमी गति से चलते वाहन और पैदल राहगीरों के बीच अचानक पशु सामने आने से वाहन चालकों के लिए अतिरिक्त चुनौती पैदा होती दिखी।

पैदल राहगीर आए तो पड़ा व्यवधान

यू-टर्न के घुमाव में पैदल राहगीरों की आवाजाही भी चुनौती बनी। वाहन चालकों को लगातार सामने की ओर देखते हुए चलना पड़ा। राहगीर सामने आने पर गति और कम करनी पड़ी। ऐसे में सिग्नल फ्री मूवमेंट के दावे के बीच यू-टर्न पर वाहनों की गति बेहद धीमी होती दिखाई दी।

वाहनों के बीच निराश्रित जानवर भी दिखे यू-टर्न में

सिग्नल फ्री के फेर में रफ्तार कितनी बढ़ी?

यू-टर्न व्यवस्था का उद्देश्य वाहनों को सिग्नल पर रोके बिना आगे बढ़ाना है, लेकिन यू-टर्न लेते समय वाहन की गति बेहद कम होती दिखाई दी। घुमाव, पैदल राहगीर और आगे चल रहे भारी वाहनों के कारण भी कई बार पीछे के वाहनों की गति भी धीमी हुई। अब यह देखना होगा कि लोगों का समय बचता है या नहीं।

जिम्मेदारों से सवाल

ट्रायल के दौरान सिर्फ एक नियंत्रित परिस्थिति में भारी वाहन घुमाना पर्याप्त था या अलग-अलग परिस्थितियों में वास्तविक यातायात के बीच भी इसका परीक्षण किया गया था?

यू-टर्न पर गलत चढ़े तो लौट गए वापस

ये जिम्मेदार

अजय गर्ग, निदेशक, अभियांत्रिकी शाखा
सुरेंद्र पंवार, एक्सईएन, यू टर्न प्रोजेक्ट

इन चुनौतियों पर जेडीए का ध्यान नहीं

  • यू-टर्न लेते समय वाहन की गति बेहद कम हो जाती है।
  • मुख्य कॉरिडोर पर अचानक पैदल राहगीर सामने आ जाते हैं।
  • भारी वाहन आगे हो तो पीछे चल रहे वाहन चालकों को यू-टर्न का रास्ता स्पष्ट नजर नहीं आता।
  • घुमाव के दौरान आगे निकलने की जगह सीमित होने से पीछे के वाहनों की रफ्तार भी प्रभावित होती है।
  • सर्विस रोड से रॉन्ग साइड, यू-टर्न पर भी कन्फ्यूजन।
  • कई वाहन चालक यू-टर्न की व्यवस्था को समझ नहीं पाए और रॉन्ग साइड से चढ़ते दिखाई दिए। कई जगह वाहन चालकों में कन्फ्यूजन साफ नजर आया।
  • कुछ वाहन रॉन्ग साइड से ही यू-टर्न पर चढ़ गए। कई वाहन चालक यू-टर्न से लौटते भी नजर आए।
  • सर्विस रोड से मुख्य कॉरिडोर और फिर यू-टर्न तक पहुंचने के दौरान दोपहिया वाहन चालक गलत दिशा में जाते दिखाई दिए।
Updated on:
22 Sept 2026 09:04 am
Published on:
22 Sept 2026 09:04 am
Also Read
View All
राजस्थान के 4 निकायों में BJP-कांग्रेस का खेल बिगाड़ गए RLP, AAP और निर्दलीय, जानें किसे मिली पालिकाध्यक्ष-सभापति की कुर्सी

जयपुर में आज बंद रहेगा न्यू सांगानेर रोड, व्यापारी निकालेंगे पैदल मार्च, जानें क्या है मामला?

Rajasthan Nikay Chunav : ‘अध्यक्ष’ के बाद आज ‘उपाध्यक्ष’ की बारी, जानिए 304 निकायों में वोटिंग का पूरा शेड्यूल

Jaipur Mayor Election: जयपुर मेयर की रेस में दो निर्दलीय पार्षदों की ‘सरप्राइज एन्ट्री’! BJP के सुनील कोठारी और कांग्रेस की सुनीता मावर को देंगे टक्कर?

जयपुर कटला अग्निकांड के बाद बड़ा एक्शन: अब लपटों के बीच घुसेंगे दमकलकर्मी, मिले हाईटेक एयरबैग और फायर सूट