
Jaipur Kachori Incident: जयपुर में स्कूटी सवार दो बदमाश दिनदहाड़े एक व्यापारी की गाड़ी के आगे रखे 20 लाख रुपए से भरे बैग को लेकर फरार हो गए। व्यापारी कचौरी खा रहा था, तभी बदमाशों ने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद व्यापारी ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे भागने में कामयाब रहे। वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
बता दें कि घटना सोमवार शाम करीब चार बजे राजधानी जयपुर के नाहरगढ़ थाना एरिया की है। पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सिरोही जिले का निवासी चंपालाल (50) जयपुर में एक कपड़ा व्यापारी के यहां कलेक्शन का काम करता है। वह चांदपोल में टिक्की वालों के रास्ते में अपने सेठ के यहां रहता है। चंपालाल माणक चौक और नाहरगढ़ थाना एरिया में कलेक्शन का काम करता है।
बताते चलें कि सोमवार को वह कलेक्शन के काम से निकला था। इसी दौरान वह कचौरी खाने के लिए रुक गया। उसने 20 लाख रुपए से भरा बैग अपने गाड़ी (स्कूटी) के आगे रख दिया। तभी स्कूटी पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। पीछे बैठे बदमाश ने तेजी से बैग उठाया और दोनों मौके से फरार हो गए।
बैग चोरी होने का पता चलते ही चंपालाल बदमाशों के पीछे दौड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने भी उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों भागने में सफल रहे। घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
नाहरगढ़ थानाधिकारी भंवर सिंह के मुताबिक, बदमाशों ने वारदात के समय हेलमेट पहन रखा था। इस वजह से सीसीटीवी फुटेज में उनके चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे हैं। पुलिस आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आशंका है कि बदमाशों ने वारदात से पहले व्यापारी की रेकी की थी और मौका मिलते ही बैग लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में नाकाबंदी करवाई थी। लेकिन आरोपियों का फिलहाल कोई सुराग नहीं लगा है। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया, बदमाशों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देकर बदमाशों को जल्द पकड़ने का प्रयास कर रही है।