जयपुर

जयपुर हत्याकांड में अपडेट: पहले से रची थी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या की साजिश! सोच-समझकर ऐसे दिया घटना को अंजाम

Jaipur Crime: जयपुर के करधनी इलाके में हुई पत्नी और तीन बेटियों की हत्या की वारदात ने सनसनी फैला दी। पुलिस जांच में कर्ज, आर्थिक परेशानी और पारिवारिक विवाद समेत कई पहलुओं पर पड़ताल जारी है। आरोपी राहुल झा वारदात के बाद से फरार है।
2 min read
Sep 12, 2026
jaipur murder case
आरोपी राहुले के घर के बाहर लगी भीड़ (Photo-Patrika)

जयपुर के करधनी इलाके में शुक्रवार को एक परिवार से चार लोगों के शव मिलने वाले मामले ने सनसनी फैला दी है। मामले में आरोप है कि राहुल झा ने अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या की है। जानकारी सामने आने के बाद पुलिस इस मामले की गुत्थी सुलझाने में लगी हुई है। मामले की जांच में अब यह आशंका जताई जा रही है कि राहुल ने वारदात को अचानक अंजाम नहीं दिया, बल्कि हत्या की पूरी साजिश पहले से सोच-समझकर रची थी। वारदात के बाद उसका घर से निकलना, मोबाइल फोन बंद करना और फरार हो जाना भी पुलिस की जांच के अहम बिंदु हैं। बताया जा रहा है कि राहुल ने वारदात को इस तरह अंजाम दिया कि घर में मौजूद उसके पिता को भी इसकी भनक तक नहीं लगी।

कैसे दिया घटना को अंजाम?

एफएसएल की जांच में सामने आया कि घटना सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई। जांच के अनुसार, राहुल ने 10 सितंबर की रात में ही परिवार को खाने के जरिए कोई विषाक्त पदार्थ देने की कोशिश की थी। हालांकि, उसे यह यकीन नहीं था कि इसका असर हुआ भी है या नहीं। इसी आशंका के चलते उसने सुबह सीमेंट की ईंट से पत्नी और तीनों बेटियों पर हमला किया और उनकी जान ले ली।

हत्या के पीछे क्या थी वजह?

पुलिस की अब तक की पड़ताल में राहुल की आर्थिक परेशानियों और पारिवारिक कलह को इस वारदात से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि राहुल पर कई लोगों का पैसा बकाया था और लगातार बढ़ते कर्ज ने उसकी मुश्किलें बढ़ा दी थीं। आर्थिक संकट के बीच उसने पड़ोसी से 50 हजार रुपए की मदद मांगी थी, लेकिन उसे 25 हजार रुपए ही मिल पाए।

जांच में यह भी सामने आया है कि जिस मकान में परिवार रहता था, वह राहुल की पत्नी गीता के नाम पर था। राहुल इस मकान को बेचने की कोशिश कर रहा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। हत्या की असली वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है।

राहुल के भाई ने करवाई एफआईआर दर्ज

इस मामले में आरोपी राहुल के भाई संजय झा ने एफआईआर दर्ज करवाई है। बता दें वारदात के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस आरोपी का पता लगाने में जुटी हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद राहुल ने अपने कपड़े बदले और सुबह करीब सात बजे दूधवाले से दूध लिया। इसके बाद उसने अपने पिता लक्ष्मीनाथ झा के लिए चाय बनाई और उन्हें पिलाई। कुछ देर बाद वह अपना मोबाइल घर पर ही छोड़कर वहां से निकल गया और फरार हो गया।

Updated on:
12 Sept 2026 12:26 pm
Published on:
12 Sept 2026 12:14 pm