जयपुर

जयपुर में श्री राजपूत करणी सेना की रैली में शामिल देवराज सिंह की मौत, जानिए पुलिस का क्या कहना है

Jaipur Karni Sena Rally: जयपुर में यूजीसी के नए नियमों के विरोध में निकली श्री राजपूत करणी सेना की रैली के दौरान तबीयत बिगड़ने से देवराज सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई।
2 min read
Aug 04, 2026
Jaipur Karni Sena Rally
प्रदर्शन के दौरान तबीयत​ बिगड़ने से देवराज सिंह की मौत हुई थी। (Photo-Patrika)

Jaipur Karni Sena Rally: जयपुर में यूजीसी के नए नियमों के विरोध में निकली श्री राजपूत करणी सेना की रैली के दौरान तबीयत बिगड़ने से शख्स की मौत हो गई। मृतक की पहचान डीडवाना-कुचामन ज़िले के पलाड़ा निवासी देवराज सिंह के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार, देवराज सिंह यहां यूजीसी के नए नियमों के विरोध में श्री राजपूत करणी सेना, राष्ट्रीय हिंदू महासभा और सवर्ण समाज के विभिन्न संगठनों की ओर से निकाली गई रैली में शामिल हुए थे।

पुलिस का क्या है कहना?

जयपुर पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि रैली को कलक्ट्रेट तक की अनुमति दी गई थी, लेकिन कुछ प्रदर्शनकारी जबरन कलक्ट्रेट से आगे बढ़ने लगे। ऐसे में क़ानून व्यवस्था बनाए रखने और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। कलक्ट्रेट से पहले तक पुलिस ने लाठीचार्ज नहीं किया।
वहीं रैली के दौरान देवराज नाम के शख्स की संदिग्ध परिस्थिति में मौत पर पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि करते हुए कहा कि लाठीचार्ज से मौत नहीं हुई है। प्रारम्भिक तौर पर देवराज का स्वास्थ्य रैली के दौरान बिगड़ गया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया और उनकी मौत हुई।

जयपुर में हुआ अंतिम संस्कार

देवराज सिंह की मौत के बाद मंगलवार सुबह जयपुर में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। मृतक डीडवाना-कुचामन जिले के पलाड़ा गांव का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान देवराज सिंह की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई

पुलिस ने पहले लगाए थे बैरिकेड्स

रैली को रोकने के लिए पुलिस ने सबसे पहले 200 फीट एक्सप्रेस पुलिया के नीचे बैरिकेड्स लगाए, लेकिन प्रदर्शनकारी उन्हें पार कर आगे बढ़ गए। इसके बाद चौमूं पुलिया तिराहा, अंबाबाड़ी तिराहा और पानीपेच तिराहा पर भी उन्हें रोकने की कोशिश की गई। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट सर्किल तक पहुंच गए और वहां से भाजपा प्रदेश कार्यालय और मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार आमना-सामना हुआ था।

वाटर कैनन के बाद पुलिस ने किया था लाठीचार्ज

प्रदर्शनकारियों को काबू नहीं कर पाने पर पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। जब प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें तितर-बितर करने का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार प्रदर्शन के दौरान तनावभरे माहौल के कारण देवराज सिंह घबराकर गिर गए थे और गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

श्री राजपूत करणी सेना का आरोप है कि पुलिस ने महिलाओं और युवाओं पर भी बल प्रयोग किया। संगठन का दावा है कि एक कार्यकर्ता का पैर टूट गया और कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

Updated on:
04 Aug 2026 05:34 pm
Published on:
04 Aug 2026 01:08 pm