जयपुर

राजस्थान में बदमाशों के हौसले बुलंद : जयपुर में दिनदहाड़े और बीच बाज़ार युवक का मर्डर, वीडियो मैं कैद पूरी घटना

Jaipur Crime News | जयपुर के मानसरोवर में युवक बलबीर की डंडों से पीट-पीटकर निर्मम हत्या। सरेराह वारदात के बाद सनसनी, जयपुर पुलिस ने नाकाबंदी कर महज 42 मिनट में 4 आरोपियों को दबोचा।
2 min read
Jul 29, 2026
Jaipur Mansarovar Balbir Murder Case 4 Arrested 42 Minutes
Jaipur Mansarovar Balbir Murder Case PIC

जयपुर के सबसे व्यस्त और पॉश इलाकों में शुमार मानसरोवर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ दिनदहाड़े बीच सड़क पर बेखौफ बदमाशों ने घेरकर एक युवक के सिर पर लाठियों और डंडों से ताबड़तोड़ वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावर युवक को तब तक पीटते रहे जब तक कि उसने मौके पर ही दम नहीं तोड़ दिया। इस वारदात का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही एक्शन में आई जयपुर पुलिस ने नाकाबंदी करवाकर महज 42 मिनट के रिकॉर्ड समय में हत्या के चारों आरोपियों को दबोच लिया।

एमपी का रहने वाला था मृतक बलबीर

जयपुर पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच और शिनाख्त की प्रक्रिया में मृतक के बारे में अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान बलबीर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला था और वर्तमान में जयपुर में रहकर काम कर रहा था।

चश्मदीदों और वायरल वीडियो के मुताबिक, हमलावर हाथों में भारी डंडे और लाठियां लेकर पहुंचे थे। उन्होंने बलबीर को संभलने का मौका दिए बिना पीछे से घेरकर सिर और शरीर पर अंधाधुंध वार किए।

घटना का ये लाइव वीडियो हो रहा वायरल

शहर में कराई सघन नाकाबंदी

दिनदहाड़े हुए इस मर्डर की खबर मिलते ही जयपुर पुलिस महकमे के आला अधिकारी भारी पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी साउथ राजर्षि राज और महेश नगर थाना प्रभारी मदन कड़वासरा पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर दिया।

पुलिस ने बिना एक मिनट गंवाए जयपुर शहर के सभी निकास द्वारों, मुख्य चौराहों और हाईवे पर त्वरित नाकाबंदी कराई। पुलिस की इस मुस्तैदी का नतीजा रहा कि वारदात अंजाम देकर भाग रहे चारों आरोपियों को पुलिस ने महज 42 मिनट के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

एक आरोपी पहले से 'वांटेड'

पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस कस्टडी में लिए गए चारों आरोपियों में से एक बदमाश पहले से ही पुलिस का वांछित अपराधी घोषित था और कई मामलों में फरार चल रहा था।

फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि बदमाशों की बलबीर से क्या रंजिश थी या यह किसी तात्कालिक आपसी विवाद का नतीजा था। पुलिस चारों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच

मानसरोवर जैसे पॉश इलाके में हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने आसपास के पूरे इलाके में गश्त बढ़ा दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगी दुकानों और इमारतों के अन्य सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि पूरी घटना की कड़ियां जोड़ी जा सकें।

डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले में निष्पक्ष व त्वरित कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जिससे अपराधियों में खौफ और आमजन में विश्वास कायम रहे।

Updated on:
29 Jul 2026 04:24 pm
Published on:
29 Jul 2026 03:58 pm