
Jaipur Maulana Beaten Viral Video: राजधानी जयपुर के जयसिंहपुरा खोर इलाके में मदरसे की 18 वर्षीय छात्रा से निकाह करने के आरोपी मौलाना की अदालत के बाहर पिटाई कर दी गई। गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने मौलाना को घेरकर लात-घूंसों से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर उसे भीड़ से बचाया। पुलिस ने मौलाना वकार अहमद को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए।
मौलाना पर आरोप है कि उसने मदरसे में पढ़ने आने वाली 18 वर्षीय छात्रा को अपने प्रभाव में लेकर उससे निकाह किया। परिजनों का कहना है कि मौलाना पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। निकाह की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने इसका विरोध किया और जयसिंहपुरा खोर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
जयसिंहपुरा खोर थानाधिकारी रघुवीर सिंह के मुताबिक, नाई की थड़ी स्थित मदरसे में आसपास के इलाकों की बच्चियां पढ़ने आती हैं। आरोप है कि मौलाना वकार अहमद ने मदरसे में पढ़ने आने वाली 18 वर्षीय छात्रा को अपने प्रभाव में लिया। परिजनों ने छात्रा को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मौलाना से निकाह करने की जिद पर अड़ी रही।
आरोप है कि छात्रा ने परिजनों की सहमति के बिना मौलाना से निकाह कर लिया। निकाह की जानकारी मिलने पर परिजनों ने इसका विरोध किया और पुलिस से शिकायत की। वहीं, छात्रा ने खुद को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से निकाह करने की बात कही है।
मामले को लेकर शनिवार को परिजन और स्थानीय लोग जयसिंहपुरा खोर थाने पहुंचे। उन्होंने मौलाना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मौलाना को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया। अदालत ने मौलाना को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।
अदालत से बाहर निकलते समय गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने मौलाना को घेर लिया और लात-घूंसों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर भीड़ को हटाया और मौलाना को लोगों के चंगुल से बाहर निकाला।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मौलाना पर छात्रा को अपने प्रभाव में लेकर निकाह करने के अलावा मदरसे में पढ़ने आने वाली अन्य बच्चियों को भी प्रभावित करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।