
Jaipur Metro Phase-2 : करीब डेढ़ दशक के इंतजार के बाद 4 जुलाई का दिन जयपुर के सार्वजनिक परिवहन और शहरी विकास के इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13,000 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाले जयपुर मेट्रो फेज-2 प्रोजेक्ट का वर्चुअली शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन सवाई मान सिंह स्टेडियम में होगा, जिसकी तैयारियां सरकार और मेट्रो प्रशासन की ओर से अंतिम चरण में हैं।
शिलान्यास के साथ ही शहर में लगभग 10 किलोमीटर लंबे रूट पर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस हिस्से में दो महत्वपूर्ण भूमिगत स्टेशन भी शामिल हैं। मेट्रो प्रशासन पैकेज-1 (प्रह्लादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक) का कार्यादेश जारी कर चुका है, जबकि पैकेज-2 के तहत सांगानेर पुलिस स्टेशन और एयरपोर्ट के दो भूमिगत स्टेशनों की निविदाएं भी जारी कर दी गई हैं। माना जा रहा है कि जयपुर मेट्रो फेज-2 में सबसे पहले इसी क्षेत्र में मेट्रो संचालन शुरू होगा।
जयपुर मेट्रो का फेज-2 प्रहलादपुरा से शुरू होकर टोंक रोड होते हुए टोड़ी मोड़ तक जाएगा। पूरे कॉरिडोर में 36 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 13,037.67 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
मेट्रो प्रशासन शेष रूट की निविदाएं करीब तीन अलग-अलग पैकेजों में जारी करेगा। अधिकारियों का मानना है कि निर्माण कार्य को हिस्सों में बांटने से प्रोजेक्ट की गति बढ़ेगी और समयबद्ध तरीके से काम पूरा किया जा सकेगा।
फेज-1 सी : बड़ी चौपड़ से ट्रांसपोर्ट नगर इस परियोजना का शिलान्यास सितंबर 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया था। 40 माह में यानी जनवरी 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन करीब एक वर्ष तक काम बंद रहने और बाद में डिजाइन व रिव्यू में बदलाव के कारण अब जून 2028 तक परियोजना पूरी होने का दावा किया जा रहा है। इस रूट पर प्रस्तावित रामगंज स्टेशन को बदलकर गलता गेट कर दिया गया है। इस बदलाव को लेकर राजनीतिक और सार्वजनिक स्तर पर काफी विवाद हुआ तथा मामला विधानसभा तक पहुंचा।
योजना-1
गलता गेट स्टेशन से खोले के हनुमानजी और आमेर की दिशा में विस्तार का प्रावधान रखा गया है। रूट लंबाई - 3.8 किमी।
फेज-1डी मानसरोवर से अजमेर रोड
मार्च 2024 में राज्य सरकार ने इस परियोजना का शिलान्यास किया था। इसे दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन निर्माण कार्य अभी जारी है। अब मेट्रो अधिकारियों का दावा है कि यह परियोजना सितंबर 2027 तक पूरी हो सकेगी।
योजना-2
हीरापुरा बस टर्मिनल से वैशाली नगर और पृथ्वीराज नगर की ओर विस्तार की संभावनाओं को लेकर सर्वे में पर्याप्त यात्री भार मिलने के संकेत मिले हैं।
रूट लंबाई - 1.35 किमी।
अभी की स्थिति
11.03 किमी लंबे रूट पर वर्तमान में मानसरोवर से बड़ी चौपड़ के बीच मेट्रो संचालन हो रहा है। प्रतिदिन करीब 60 हजार यात्री जयपुर मेट्रो से सफर कर रहे हैं।