जयपुर

जयपुर मेट्रो स्टेशन पर पुलिस कांस्टेबल ने की ऐसी हरकत, घबराई छात्रा ने कोचिंग जाने से मना किया तो हुआ खुलासा

पुलिस कांस्टेबल गिरफ्तार
2 min read
• •
Updated: 23 Apr 2018, 6:57 PM IST
jaipur

जितेन्द्र रांगेय / जयपुर। सिविल लाईंस मेट्रो स्टेशन पर छात्रा से छेड़छाड़ मामले में मेट्रो पुलिस ने आरोपित पुलिस कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार सुबह आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

मेट्रो थाने के एसआई हरिनारायण ने बताया कि छेड़छाड़ के मामले में आरोपित पुलिस कांस्टेबल रिकूं सैनी (34) निवासी कोटपूतली को गिरफ्तार किया गया है। वर्ष 2011 में पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुआ रिकूं शादीशुदा है। वह पहले जीआरपी में था, जिसके बाद पिछले दो वर्षाे से मेट्रो की सुरक्षा में तैनात है। रविवार रात को रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने मेट्रो स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को खंगाला, जिसमें आरोपित पुलिस कांस्टेबल रिकूं छात्रा से छेड़छाड़ करते नजर आया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपित कांस्टेबल को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया।

ये था मामला
मजदूर नगर हटवाडा निवासी बीएड की छात्रा ने मामला दर्ज कराया था कि मेट्रो से कोचिंग के लिए वह रोजाना सिंधी कैंप जाती है। सिविल लाईंन मेट्रो स्टेशन पर तैनात पुलिस कांस्टेबल पिछले करीब पांच दिन से उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा है। शनिवार को आरोपित कांस्टेबल ने लिफ्ट के अंदर उसके साथ छेड़छाड़ की और उसका मोबाइल छीन लिया।

कोचिंग जाने से मना किया तो चला पता

रविवार को युवती ने कोचिंग जाने से मना किया तो परिजनों को उसने आपबीती सुनाई। गुस्साए परिजन करीब तीन दर्जन लोगों के साथ शाम करीब 7 बजे सिविल लाइंस मेट्रो स्टेशन पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। मेट्रो थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की कहकर मामला शांत कराया। पीडि़ता ने बताया कि वह कांस्टेबल का नाम नहीं जानती है, लेकिन चेहरे से पहचान सकती है। पुलिस ने स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों को खंगालना शुरू कर दिया है। जांच के बाद में छात्रा के आरोप सही पाए जाने पर कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया।

Published on: