जयपुर

Jaipur: मुहाना से एक ही परिवार के लापता 4 बच्चे अयोध्या में सुरक्षित मिले, रामलला के दर्शन की चाह में छोड़ा था घर

Four Missing Children Found: जयपुर के मुहाना इलाके से एक ही परिवार के लापता हुए 4 मासूम बच्चों के के रहस्य का पुलिस ने पटाक्षेप कर दिया है। अयोध्या में बच्चों के सकुशल मिलने की खबर मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है।
2 min read
Jun 25, 2026
Four Missing Children Found,Jaipur
सांगानेर में सीसीटीवी में अंतिम बार दिखे लापता बच्चे मिले, पत्रिका फोटो

Four Missing Children Found: जयपुर के मुहाना इलाके से एक ही परिवार के लापता हुए 4 मासूम बच्चों के के रहस्य का पुलिस ने पटाक्षेप कर दिया है। बीते मंगलवार को ट्यूशन से घर लौटने के बाद दोपहर में चारों नाबालिग भाई-बहन बिना बताए घर से निकल गए थे। लापता बच्चों में 13 साल की लड़की, उसकी 9 साल की बहन और उनके चचेरे भाई की 11 साल की बेटी व 8 साल का बेटा शामिल थे।

देर शाम तक जब बच्चे घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों ने मुहाना थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जिस पर पुलिस को बच्चों को तलाशने में सफलता मिल गई है। अयोध्या में बच्चों के सकुशल मिलने की खबर मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली है। वहीं थाना पुलिस की एक टीम अब बच्चों को अयोध्या से जयपुर वापस लाने के लिए रवाना हो गई है।

पुलिस को ऐसे मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी गुर भूपेंद्र ने तुरंत अलग-अलग टीमें गठित कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने मालपुरा गेट बस स्टैंड, स्थानीय बाजारों और सार्वजनिक स्थानों के CCTV कैमरों को खंगाला। फुटेज में चारों बच्चे एक साथ मालपुरा गेट की ओर जाते दिखाई दिए। एक जगह वे चूड़ी की दुकान पर रुककर चूड़ियां देखते नजर आए।

जबकि दूसरी फुटेज में वे एक ई-रिक्शा के पास खड़े दिखे। पुलिस ने उस क्षेत्र के कई ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की, जिससे बच्चों के आगे बढ़ने के रूट का पता चला। बच्चों के पास मोबाइल न होने के कारण पुलिस को उनकी सटीक लोकेशन ढूंढने में परेशानी हुई।

सुल्तानपुर-कुशीनगर की ट्रेन से पहुंचे अयोध्या

पुलिस की कड़ी मशक्कत और जांच आखिर में रंग लाई। मिली जानकारी के अनुसार चारों मासूमों के मन में अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन करने और भव्य राम मंदिर देखने की इच्छा थी। इसी के चलते चारों बच्चे घर से बिना बताए ट्रेन पकड़कर निकल पड़े। सुल्तानपुर और कुशीनगर जाने वाली ट्रेनों के बदले हुए रूट के बीच सफर करते हुए बच्चे सीधे अयोध्या पहुंच गए।
मुहाना पुलिस के अनुसार चारों बच्चों को अयोध्या में पूरी तरह सुरक्षित ढूंढ लिया गया है। बच्चों के सकुशल मिलने की खबर मिलते ही रो-रोकर बुरा हाल कर चुके परिजनों और पुलिस टीम ने राहत की सांस ली है। पुलिस टीम परिजनों के साथ बच्चों को वापस जयपुर लाने के लिए रवाना हो चुकी है।

Published on:
25 Jun 2026 11:42 am