25 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur: मुहाना से एक ही परिवार के 4 बच्चे लापता, ट्यूशन से लौटे बच्चे घर छोड़कर निकले, फिर नहीं मिले

Muhana Missing Kids: जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र के एलएनटी रोड के नजदीक एक ही परिवार के चार मासूम बच्चे एक साथ लापता हो गए। मंगलवार दोपहर घर से निकली तीन बच्चियां और एक बालक देर रात तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों के होश उड़ गए।
2 min read
Google source verification
Four Children Missing Jaipur

मुहाना इलाके से 4 बच्चे लापता, पत्रिका फोटो

Muhana Missing Kids: जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र के एलएनटी रोड के नजदीक एक ही परिवार के चार मासूम बच्चे एक साथ लापता हो गए। मंगलवार दोपहर घर से निकली तीन बच्चियां और एक बालक देर रात तक वापस नहीं लौटे तो परिजनों के होश उड़ गए। पहले परिवार और आस-पास के लोगों ने अपने स्तर पर हर संभावित जगह तलाश की, लेकिन जब बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर तलाश अभियान शुरू कर दिया। फिलहाल बच्चों की आखिरी लोकेशन मालपुरा गेट बस स्टैंड क्षेत्र में मिली है, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका।

थानाप्रभारी गुर भूपेंद्र ने बताया कि लापता बच्चों में अनिरुद्ध साहनी की बेटी अंशिका (13), आराध्या (9) तथा पप्पू साहनी की बेटी सलोनी (11), और बेटा सचिन (8) शामिल हैं। चारों 23 जून को दोपहर करीब दो बजे घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। चारों ट्यूशन से लौटे और फिर घर से निकल गए।

सीसीटीवी में कैद हुई बच्चों की गतिविधियां

पुलिस ने आस-पास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो चारों बच्चे एक साथ मालपुरा गेट की ओर जाते हुए दिखाई दिए। फुटेज में बच्चे एक चूड़ी की दुकान पर रुककर चूड़ियां देखते भी नजर आए। उन्होंने खरीदारी की या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। इसके अलावा एक अन्य फुटेज में बच्चे एक ई-रिक्शा चालक के पास खड़े हैं। पुलिस अब ई-रिक्शा चालकों से भी जानकारी जुटा रही है।

मोबाइल नहीं, बढ़ी चुनौती

चारों बच्चों के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण उनकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है। पुलिस को पूरी तरह सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ानी पड़ रही है।

बस स्टैंड से बाजार तक सर्च ऑपरेशन

पुलिस ने बच्चों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई हैं। मालपुरा गेट बस स्टैंड, बाजार, सार्वजनिक स्थानों, ई-रिक्शा चालकों और आस-पास के क्षेत्रों में लगातार पूछताछ की जा रही है। संभावित रूट के सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं और आस-पास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर दिया गया है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

उधर, चारों बच्चों के अचानक लापता होने से दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन हर पल बच्चों की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की हर कड़ी को जोड़कर जांच की जा रही है और जल्द ही बच्चों का पता लगाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।