जयपुर

School Bomb Threat : जयपुर के मॉडर्न स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी का ई-मेल, मचा हड़कंप

School Bomb Threat : जयपुर के शिप्रापथ थाना इलाके में स्थित मॉडर्न स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद मंगलवार सुबह हड़कंप मच गया।
less than 1 minute read
Jaipur Modern School Bomb threat email caused a stir
मॉडर्न स्कूल जयपुर में सर्च ऑपरेशन करती पुलिस टीम। फोटो पत्रिका

School Bomb Threat : जयपुर के शिप्रापथ थाना इलाके में स्थित मॉडर्न स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से मंगलवार सुबह हड़कंप मच गया। एहतियातन स्कूल में मौजूद बच्चों को तत्काल छुट्टी देकर घर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार रिद्धि सिद्धि पुलिया के नजदीक बने मॉडर्न स्कूल की आधिकारिक ई-मेल आइडी पर बम धमाके की चेतावनी भरा मेल प्राप्त हुआ था। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, एटीएस और सिविल डिफेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्कूल परिसर, कक्षाओं, मैदान, कार्यालय, पार्किंग और आसपास के क्षेत्र की सघन तलाशी ली।

करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। इसके बाद प्रशासन और अभिभावकों ने राहत की सांस ली। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल को पूरे दिन के लिए बंद रखा गया। अचानक छुट्टी घोषित होने के चलते कुछ बच्चे अपने बैग और लंच बॉक्स स्कूल में ही छोड़ गए, जिन्हें बाद में अभिभावकों ने आकर ले लिया।

मेल भेजने वाले की पहचान कर रही पुलिस

शिप्रापथ थानाप्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि धमकी भरे मेल में तमिलनाडु का जिक्र है। मेल किसने और किस उद्देश्य से भेजा, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से मेल भेजने वाले की लोकेशन और पहचान पता करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पहले भी मिल चुके हैं धमकी भरे मेल

गौरतलब है कि मॉडर्न स्कूल को पहले भी बम से उड़ाने की धमकी भरे मेल मिल चुके हैं। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर भी इस तरह के मेल भेजे गए हैं। हाल ही में हाईकोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी भरे मेल मिले थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Updated on:
12 Feb 2026 07:15 am
Published on:
12 Feb 2026 07:15 am