
जयपुर. नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को विद्याधर नगर जोन के पार्षदों की पहली बैठक हुई। चुनाव के बाद हुई इस बैठक में एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने महिला जनप्रतिनिधियों की भूमिका को लेकर सवाल खड़े कर दिए। जनता ने जिन महिला पार्षदों को अपने वार्ड का प्रतिनिधि चुनकर नगर निगम भेजा, उनकी जगह बैठक में उनके पति या करीबी राजनीतिक सहयोगी नजर आए।
बैठक में वार्ड 8 से निर्दलीय चुनाव जीतकर पार्षद बनीं मंजू कांवट खुद मौजूद नहीं थीं। उनकी जगह उनके पति और पूर्व पार्षद दिनेश कांवट बैठक में पहुंचे। दिनेश कांवट पहले भी पार्षद रह चुके हैं, ऐसे में बैठक में उनकी मौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। इसी तरह वार्ड 7 से कांग्रेस पार्षद पूनम तिवाड़ी बैठक में अपने पति और पूर्व पार्षद प्रदीप तिवाड़ी के साथ पहुंचीं। बैठक में पार्षदों से जुड़े वार्ड स्तर के मुद्दों और नगर निगम से संबंधित जरूरी विषयों पर चर्चा हुई।
वहीं वार्ड 18 से कांग्रेस की पार्षद वंदिता शर्मा की जगह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अरविंद कूलवाल बैठक में मौजूद रहे। एक ही बैठक में महिला पार्षदों की जगह उनके पति या राजनीतिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने निगम की कार्यप्रणाली और महिला प्रतिनिधित्व को लेकर चर्चा छेड़ दी।
शहर की कई ऐसी पूर्व महिला पार्षद रही हैं, जिन्होंने बिना परिवार को आगे किए खुद आगे बढ़ीं।
राखी राठौड़ : तीन बार पार्षद बनीं और अभी भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष हैं।
ज्योति खंडेलवाल : पहले पार्षद, फिर महापौर रहीं। लोकसभा का चुनाव लड़ा।
शील धाभाई : महापौर रहीं और विधानसभा का चुनाव लड़ा।
कुसुम यादव : दो बार पार्षद रहीं और कार्यवाहक महापौर के तौर पर हैरिटेज निगम संभाला।
सौम्या गुर्जर : पार्षद बनीं और फिर ग्रेटर निगम की महापौर रहीं।
अर्चना शर्मा : पहले पार्षद रहीं और उसके बाद तीन बार कांग्रेस उम्मीदवार रहीं।
मुनेश गुर्जर : पहली बार पार्षद बनीं और हैरिटेज निगम में महापौर की कुर्सी तक पहुंचीं।
सुमन शर्मा : पहले पार्षद बनीं, महापौर का चुनाव लड़ा और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रहीं।
विद्याधर नगर जोन की बैठक में महापौर सुनील कोठारी ने अधिकारियों से कहा कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। आमजन को अनावश्यक चक्कर ना लगाना पड़े। दीपावली तक वार्डवार विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। बैठक में पार्षदों ने भी हूपर्स, प्रकाश व्यवस्था, यूडी टैक्स, सीवर लाइन, पशु प्रबंधन, अतिक्रमण संबंधी समस्याओं को उठाया। उप महापौर सरोज कंवर ने पशु प्रबंधन के अधिकारियों को कहा कि मंगलवार को मांस की दुकानें खुली ना रहें।