जयपुर

जयपुर निगम चुनाव परिणाम: गुलाबीनगर 7वीं बार भगवा रंग में, BJP ने 78 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत किया हासिल

जयपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 78 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। कांग्रेस को 53 वार्डों में जीत मिली, जबकि 15 वार्ड निर्दलीयों के खाते में गए। इसी के साथ जयपुर में बीजेपी सातवीं बार जीती है।
3 min read
Sep 15, 2026
Jaipur Municipal Election Result
जयपुर. भवानी निकेतन मतगणना केंद्र के बाहर जीत का जश्न मनाते प्रत्याशी (Photo-Patrika)

जयपुर. राजधानी जयपुर की शहरी सरकार पर भाजपा ने सातवीं बार जीत का परचम लहराया है। सोमवार को घोषित 146 वार्डों के परिणामों में भाजपा ने 78 वार्ड जीतकर सातवीं बार स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया। कांग्रेस 53 वार्डों में जीत दर्ज कर सकी और छठी बार बहुमत से पिछड़ गई। 2020 में दो में से एक निगम में कांग्रेस को बहुमत मिला था। इस बार 15 वार्डों में निर्दलीयों ने बाजी मारी। 150 वार्डों में से चार वार्डों का परिणाम ईवीएम बूथों पर तकनीकी खामी के कारण अभी रोक दिया गया है। इन चार वार्डों की पांच बूथों पर बुधवार को पुनर्मतदान होना है। पुनर्मतदान के बाद निगम के सभी 150 वार्डों की अंतिम तस्वीर साफ होगी। इस बीच जयपुर जिले की दो नगरपरिषद और 16 नगरपालिकाओं के कुल 540 वार्डों के नतीजों में भाजपा 233 सीटों के साथ सबसे आगे रही, कांग्रेस ने 203 सीटों पर जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि 102 वार्डों में निर्दलीयों ने बाजी मारी।

  • भाजपा ने 78 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत किया हासिल, कांग्रेस 53 वार्ड जीती
  • ग्रामीण के 18 निकायों में 233 सीटों के साथ भाजपा आगे, निर्दलीय भी मजबूत

चौकाने वाले नतीजे…..

  1. सबसे चौंकाने वाला परिणाम वार्ड 110 का रहा। यहां से भाजपा टिकट पर चुनाव लड़ीं जयपुर की पूर्व महापौर ज्योति खण्डेलवाल कांग्रेस की सुनीता मेठी से हार गई। ज्योति 2009 में हुए महापौर के सीधे चुनाव में भाजपा की सुमन शर्मा को हराकर पहली कांग्रेसी महापौर बनी थी।
  2. पिछले बोर्ड में नेता प्रतिपक्ष हार गए। यहां भाजपा के सतीश कुमार शर्मा ने 469 मतों से जीत हासिल की है।
  3. महापौर पद के अन्य बड़े दावेदार सुनील कोठारी, शैलेन्द्र भार्गव, पुनीत कर्नावट, भवानीसिंह राजावत और विमल अग्रवाल चुनाव जीत गए हैं।

1994 से जारी भाजपा का सिलसिला

जयपुर नगर निगम के चुनावी इतिहास में भाजपा के लिए यह परिणाम खास है। वर्ष 1994 में पहली बार नगर निगम के चुनाव हुए थे। उस समय भाजपा का बोर्ड बना था। इसके बाद से जयपुर की शहरी सरकार में भाजपा का प्रभाव लगातार देखने को मिला है। इस बार के चुनाव परिणामों ने इस सिलसिले को सातवीं बार आगे बढ़ाया है। हालाकि बीच के वर्षों में चुनावी व्यवस्था और महापौर के चुनाव की प्रक्रिया में बदलाव के कारण तस्वीर अलग भी रही। वर्ष 2009 में नगर निगम में बोर्ड भाजपा का बना था, लेकिन उस समय महापौर का चुनाव सीधे जनता ने किया था। 2020 में दो निगम होने के बाद एक कांग्रेस और एक भाजपा के खाते में गया था।

ईवीएम पर विवाद, 3 के नतीजे घोषित

मतगणना के दौरान वार्ड 47, 72 और 148 के पांच बूथों की ईवीएम खराब हो गई थी। इन मशीनों में पहले और दूसरे स्थान पर रहे प्रत्याशियों के मतों का अंतर मशीन में दर्ज कुल मतों से अधिक था। ऐसे में निर्वाचन अधिकारी ने राज्य निर्वाचन आयोग से मार्गदर्शन मांगा। आयोग की अनुमति के बाद इन तीनों वार्डों के परिणाम घोषित किए गए। वार्ड 47 में भाजपा प्रत्याशी, वार्ड 72 में कांग्रेस प्रत्याशी और वार्ड 148 में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।

जिले की तस्वीर 9 निकाय भाजपा, 7 कांग्रेस और 2 निर्दलीय के नाम

जयपुर. जिले के दो नगरपरिषद और 16 नगरपालिकाओं के चुनाव नतीजों ने इस बार सियासत का दिलचस्प गणित सामने रखा है। कुल 540 वार्डों के परिणाम में भाजपा 233 सीटों के साथ सबसे आगे रही, कांग्रेस ने 204 सीटों पर जीत दर्ज की। खास बात यह रही कि 102 वार्डों में निर्दलीयों ने बाजी मारी। कई जगह तीसरा कोण भी मजबूती से उभरा।

भाजपाः भाजपा ने चौमूं नगरपरिषद के साथ बगरू, बस्सी, चाकसू, जमवारामगढ़, कालाडेरा, किशनगढ़ रेनवाल, फुलेरा व सांभर नगरपालिकाओं में बढ़त बनाई। चौमूं में 30 और जमवारामगढ़ में 18 सीटों के साथ भाजपा का प्रदर्शन खासा प्रभावी रहा।

कांग्रेसः कांग्रेस ने शाहपुरा नगरपरिषद के अलावा दूदू, कानोता, खेजरोली, मनोहरपुर, नारायणा और फागी में बढ़त बनाकर भाजपा के सामने अपनी जमीन बचाए रखी। शाहपुरा में 23, खेजरोली में 17 और नरैना में 13 सीट कांग्रेस जीती।

निर्दलीयः जोबनेर में निर्दलीयों ने और वाटिका में नौ सीटें जीतकर दोनों दलों से ज्यादा सीटें हासिल कीं।

जयपुर की स्थिति

पार्टी / दलजीती गई सीटें
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)78
कांग्रेस53
अन्य / निर्दलीय15
कुल घोषित सीटें146

मशीन खराब, 5 बूथों पर होगा पुनर्मतदान

विवरण: ईवीएम की तकनीकी खराबी के कारण 4 वार्डों के परिणाम रोके गए हैं। इन वार्डों के पांच बूथों पर 16 को पुनर्मतदान के बाद 17 को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

पुनर्मतदान वाले वार्ड एवं बूथ:

वार्ड 9: बूथ संख्या 111

वार्ड 18: बूथ संख्या 235

वार्ड 25: बूथ संख्या 343

वार्ड 34: बूथ संख्या 477, 484