
जयपुर के विश्वकर्मा थाना इलाके में महेश मीणा की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी कविता मीणा और उसके प्रेमी गणेश मीणा की गिरफ्तारी के बाद मामले में एक और खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि कविता ने पीहर में हुई एक घटना से सीख लेकर अपने पति के मर्डर को प्लान किया था। गौरतलब है कि कविता ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ शादी करने के लिए पति को रास्ते से हटाने की प्लानिंग की थी। 5 अगस्त को वह उसे दवाई दिलाने के बहानेसे लेकर गई और अपनी बनाई हुई प्लानिंग के अनुसार घटना को अंजाम दिया।
जांच में पुलिस को यह पता चला कि कविता के पीहर में पहले किसी व्यक्ति ने इसी तरह अपनी जान गंवाई थी। कविता ने उस घटना को देख उसी तरीके को अपने पति की हत्या की साजिश में इस्तेमाल करने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार कविता को लगा कि इस तरह महेश की मौत स्वाभाविक तरीके से हुई घटना जैसी लग सकती है और मर्डर का शक उस पर नहीं जाएगा।
इस मामले के खुलासे के पीछे महेश के पिता की बहुत बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने अपने बेटे के मर्डर के 12 दिन बाद सीसीटीवी फुटेज से सबूत जुटाकर बहू कविता का पर्दाफाश कर किया था। इस मामले में कविता ने परिवार के सभी लोगों को झूठी कहानी सुनाई थी। उसने परिवार के लोगों को बताया था कि वह महेश के साथ पीहर गई थी लेकिन रास्ते में 200 फीट चौराहे के पास महेश की तबीयत खराब हो गई थी। इस वजह से वह उसे बांधकर बाइक चलाकर आ रही थी, लेकिन 14 नंबर पुलिया के पास उसकी तबीयत बहुत ज्यादा ही खराब हो गई थी कि उसने महेश को सड़क किनारे लेटा दिया और घर पर महेश के भाई को मदद के लिए कॉल किया।
लेकिन वहीं सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि जब महेश की तबीयत खराब ज्यूस बाद हुई थी और उसके बाद कविता ने अपने प्रेमी गणेश को फोन करके बुलाया। गणेश वहां दो युवकों के साथ पहुंचा। उन दो अन्य युवकों ने महेश को अपने बीच में बिठाया और कविता गणेश के साथ बैठकर इधर-उधर घूमती रही। पुलिस के अनुसार, कविता ने पूरी घटना को इस तरह अंजाम देने की कोशिश की, जिससे महेश की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने जैसी लगे और उस पर किसी को शक न हो।
बता दें कि घटनास्थल पर पहुंचकर महेश का भाई तुरंत उसे हॉस्पिटल लेकर गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया था कि कविता और गणेश के बीच शादी से करीब 6-7 साल पहले से प्रेम संबंध था। कविता के परिवार वाले गणेश से उसकी शादी कराने के लिए तैयार नहीं थे। इसके बाद परिवार ने करीब डेढ़ साल पहले कविता की शादी महेश मीणा से कर दी। शादी के बाद भी कविता और गणेश के बीच संपर्क बना रहा। पुलिस के अनुसार, अब दोनों ने साथ रहने और शादी करने के लिए महेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में हर पहलू को ध्यान में रखते हुए पूछताछ आगे बढ़ा रही है। साथ ही मामले में शामिल दो अन्य युवकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।