
जयपुर। नगर निगम आयुक्त रवि जैन और महापौर अशोक लाहोटी में खींचतान की बात तो आम है, लेकिन शुक्रवार को निगम मुख्यालय पर इसके उलट नजारा देखने को मिला। जब मुख्यालय में आयुक्त ने पतंग उड़ाई और उनकी चरखी किसी ओर ने नहीं बल्कि महापौर ने खुद थाम रखी थी। जब जैन से पतंग नहीं संभली तो उन्होंने महापौर की देखते हुए यह भी कह डाला कि अब आप संभालो निगम की डोर।
जयपुर सिटी हेरिटेज कॉन्ट्रेक्टर सोसायटी की ओर से आयोजित इस पौषबड़ा व पतंग महोत्सव कार्यक्रम को दोनों में नजदीकियां नजर आई। पतंगबाजी के बाद दोनों ने भगवान की साथ-साथ आरती की और साथ में ही प्रसादी भी पाई। निगम मुख्यालय की छत पर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ महापौर ने पतंग उड़ाई। इस दौरान भााजपा-कांग्रेस के पार्षद भी मौजूद रहे। दोनों के बीच नजदीकियों का लोग अलग-अलग कयास लगाते नजर आए।
महापौर और आयुक्त के बीच खींचतान लंबे समय से चली आ रही है। बीवीजी कंपनी के भुगतान से मना करने की वजह से दोनों के बीच दूरियां बढ़ी। यही वजह रही की महापौर ने एक नोटशीट चलाकर रवि जैन से स्मार्ट सिटी के कामों का ब्यौरा तक मांग लिया। लेकिन आज दोनों के बीच जो नजदीकी देखने को मिली, उसे लेकर चर्चाओं का दौर गर्म हो गया है।
बहरहाल इस नजदीकी से किसको क्या फायदा होगा, यह तो आगे पता चलेगा, लेकिन फिलहाल चल रहे स्वच्छता सर्वेक्षण में इसी तालमेल से टीम नगर निगम काम करेगी तो शहरवासियों को गंदगी से छुटकारा जरूर मिल जाएगा।