जयपुर

जयपुर ट्रैफिक सुधार का नया रोडमैप, 100 से ज्यादा मनमाने रोडकट बंद, ड्रोन से होगी लाइव मॉनिटरिंग

Urban Traffic Reform: जयपुर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए जयपुर ट्रैफिक सुधार का नया ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है।
2 min read
Apr 10, 2026
सीएम भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों के साथ की चर्चा, पत्रिका फोटो
सीएम भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों के साथ की चर्चा, पत्रिका फोटो

Urban Traffic Reform: जयपुर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए जयपुर ट्रैफिक सुधार का नया ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उच्च स्तरीय बैठक में जिला प्रशासन, जेडीए, यातायात और पुलिस के अधिकारियों को शहर के सभी प्रमुख मार्ग पर बने मनमाने कट तत्काल बंद करने सहित सभी आवश्यक यातायात सुधार के कदम उठाने के सख्त निर्देश दिये हैं।

शहर में इस समय कई प्रमुख मार्ग पर मनमाने कट प्रभावशाली लोगों की सिफारिश पर मनमाने तौर पर बना दिए गए हैं। सीएम के इन निर्देशों की पालना होती है तो इनमें से करीब 50 प्रतिशत को बंद किया जा सकता है। बैठक में शामिल कुछ अधिकारियों की मानें तो सभी कट बंद करने के बजाय कुछ ही दूरी पर बने हुए कई कट को चिन्हित कर उनमें से कुछ को बंद किया जायेगा। इसके तहत पहले चरण में करीब 100 से अधिक कट चिन्हित कर बंद किये जा सकते हैं।

कड़ा संदेश, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

बैठक में अधिकारियों को संदेश दिया गया कि निर्माण कार्यों में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं कर दोषियों पर परफॉर्मेंस और लिक्विडिटी पेनल्टी लगाई जाए। जयपुर की लाइफलाइन मानी जाने वाली जेएलएन मार्ग पर विशेष ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार होगा। इस मार्ग सहित शहर के प्रमुख मार्ग को ट्रैफिक सिग्नल फ्री बनाने पर काम किया जायेगा।

जेडीए, नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि शहर की सभी पार्किंग का संचालन नियमों के अनुसार हो। अवैध पार्किंग पर सख्ती हो। बाजार क्षेत्रों में बेहतर प्रबंधन किये जाने के साथ जागरूकता अभियान, प्रचार अभियान चलाये जाएं।

ड्रोन, मोबाइल एप से ट्रैफिक की लाइव मॉनिटरिंग

जयपुर शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने के लिए रीयल टाइम मॉनिटरिंग के लिए इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर भी स्थापित किया जायेगा। जो आईटीएमएस, ड्रोन और मोबाइल एप के जरिए ट्रैफिक की लाइव मॉनिटरिंग करेगा। इसे मॉडल सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना है।

सीएम ने जेडीए के अधिकारियों को सीबीआई फाटक, सालिग्रामपुरा, सिविल लाइंस आरओबी गोपालपुरा, सांगानेर एलिवेटेड रोड, अजमेर रोड अंडरपास, प्रस्तावित नए आरओबी के साथ ही द्रव्यवती एलिवेटेड कॉरिडोर और अरण्य भवन-जगतपुरा एलिवेटेड रोड की डीपीआर जल्द तैयार करने के लिए कहा है।

ट्रैफिक सुधार के मुख्य बिंदू

  • महल रोड, सीकर रोड, न्यू सांगानेर रोड को सिग्नल फ्री बनाने की तैयारी
  • डबल यू-टर्न और फ्री लेफ्ट टर्न मॉडल का विस्तार
  • रामबाग चौराहे की तर्ज पर अन्य व्यस्त चौराहों पर व्यवस्था लागू
  • चिन्हित स्थानों पर ही यू-टर्न
  • ट्रैफिक फ्लो के अनुसार लेन निर्धारण
  • प्रमुख चौराहों पर गोलचक्कर निर्माण को प्राथमिकता
  • पैदल यात्रियों और स्कूल जोन पर विशेष ध्यान
  • नियंत्रित क्रॉसिंग सिस्टम विकसित होगा
  • स्कूल क्षेत्रों में स्पीड कंट्रोल, साइन बोर्ड और जेब्रा क्रॉसिंग अनिवार्य
  • बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ेगी
Updated on:
10 Apr 2026 08:16 am
Published on:
10 Apr 2026 08:16 am