
आरोपी राजीव सिंघल, पत्रिका फोटो
Rajasthan Crude Oil Theft Case: पेट्रोलियम पाइपलाइन से कच्चे तेल की संगठित चोरी के मामले में स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने गाजियाबाद से खरीदार राजीव सिंगल को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त महानिदेशक एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि आरोपी करीब 15 वर्षों से तेल चोरी में लिप्त है। आरोपी 70 रुपए प्रति लीटर तेल को 30 से 35 रुपए प्रति लीटर में खरीद रहा था। अब तक चोरी किए गए कच्चे तेल की कीमत करीब 6.70 करोड़ रुपए आंकी गई है।
नेशनल हाईवे पर शाहजहांपुर टोल प्लाजा के पास बेलनी रोड पर जून 2025 में आरोपी एक जमीन पर कबाड़ गोदाम की आड़ में करीब डेढ़ सौ मीटर लम्बी सुरंग बनाकर तस्कर आईओसीएल की पाइप से क्रूड ऑयल चोरी कर रहे थे।
मुंद्रा से पानीपत तक जा रही आईओसीएल की पाइप लाइन में प्रेशर कम होने पर आईओसीएल के अधिकारियों को क्रूड ऑयल के चोरी होने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद आईओसीएल के अधिकारियों ने शाहजहांपुर पुलिस थाने में क्रूड ऑयल चोरी करने का मामला दर्ज कराया था।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बेलनी रोड स्थित खेत किराए पर लेकर 10 फीट ऊंची चारदीवारी बनाई और भूमिगत कक्ष के माध्यम से करीब 360 फीट लंबी सुरंग बनाकर पाइपलाइन में छेद किया। चोरी को अंजाम देने के लिए कैमरे व इंटरनेट निगरानी व्यवस्था भी स्थापित की गई थी।
करीब दो माह में 36 टैंकर (लगभग 9.58 लाख लीटर) कच्चा तेल चोरी किया गया। मामले में अब तक मुख्य सरगना सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार आरोपियों पर इनाम घोषित है। एसओजी की टीम ने 50 हजार के इनामी दिनेश राठी उर्फ अनमोल राठी उर्फ राहुल राठी को पहले ही दिल्ली से गिरफ्तार किया था। मामले में 25 हजार के इनामी अर्जुन उर्फ बलजीत सिंह उर्फ टोनी की तलाश है।
गाजियाबाद के कवि नगर निवासी आरोपी राजीव सिंगल को जयपुर से अजमेर की तरफ जाते समय गिरफ्तार किया गया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से 15 अप्रेल तक उसे रिमांड पर सौंपा है। आरोपी श्रीगणपति ऑयल ट्रेडर्स का संचालक भी है।
बीते फरवरी में ब्यावर जिले में लालपुरा घाटे के समीप इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) की पाइपलाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी का बड़ा खुलासा हुआ था। पेट्रोल चोरी के लिए अवैध रूप से वाल्व लगाकर 120 मीटर लंबी समानातंर लाइन बिछाई गई थी। मामले में जिले के सेंदड़ा थाना पुलिस अवैध तेल चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। मामले में पुलिस अब सेन्दड़ा, ब्यावर निवासी जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू की संलिप्तता को लेकर भी जांच कर रही है।
Updated on:
10 Apr 2026 07:28 am
Published on:
10 Apr 2026 07:27 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
