जयपुर

Jaipur News: न्यू लोहामंडी रोड पर JDA की बड़ी कार्रवाई: 100 फीट सड़क से हटाए जा रहे पक्के अतिक्रमण, दो किमी क्षेत्र प्रभावित

सीकर रोड स्थित न्यू लोहामंडी रोड पर शुक्रवार सुबह जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की। यह सड़क मास्टर प्लान के अनुसार 100 फीट चौड़ी है, लेकिन दोनों ओर पक्के अतिक्रमण होने के कारण लंबे समय से वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही थी।

2 min read
Feb 06, 2026

जयपुर। सीकर रोड स्थित न्यू लोहामंडी रोड पर शुक्रवार सुबह जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की। यह सड़क मास्टर प्लान के अनुसार 100 फीट चौड़ी है, लेकिन दोनों ओर पक्के अतिक्रमण होने के कारण लंबे समय से वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही थी। जेडीए की इस कार्रवाई से क्षेत्र में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अभी मौके पर 40 से 45 फीट रोड ही नजर आती है।

जेडीए अधिकारियों के अनुसार न्यू लोहामंडी रोड पर करीब दो किलोमीटर लंबे क्षेत्र में सड़क सीमा के भीतर बने पक्के निर्माण हटाए जा रहे हैं। इससे पहले यहां अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जा चुकी है, लेकिन पक्के कब्जों के चलते सड़क की वास्तविक चौड़ाई अब तक बहाल नहीं हो पाई थी। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल और जेडीए का अमला तैनात रहा, ताकि किसी प्रकार का विरोध या अव्यवस्था न हो।

जेडीए का दावा है कि अतिक्रमण हटने के बाद सड़क की चौड़ाई बढ़ेगी, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा। यह मार्ग औद्योगिक क्षेत्र और आसपास की कॉलोनियों को जोड़ता है, जहां भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है।

स्थानीय लोगों में नाराजगी
कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। कुछ व्यापारियों और निवासियों ने जेडीए पर मनमानी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कार्रवाई चुनिंदा लोगों पर की जा रही है, जबकि प्रभावशाली लोगों के निर्माणों को जानबूझकर छोड़ा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि सभी अतिक्रमण समान रूप से नहीं हटाए गए, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।

डम्पर हादसे ने छीनी थीं 14 लोगों की जान, फिर भी नहीं सुधरे हालात
तीन नवम्बर 2025 को नशे में धुत डम्पर चालक मुख्य मार्ग पर दौड़ाता हुआ चला गया था। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई थी और कई जने घायल हो गए थे। उस घटना के बाद सड़क की चौड़ाई और अतिक्रमण को लेकर सवाल उठे थे।

Published on:
06 Feb 2026 11:47 am
Also Read
View All

अगली खबर