जयपुर

Jaipur News: दिवाली पर यातायात की नई व्यवस्था होनी थी लागू, एक घंटे के ट्रायल में परकोटा हो गया जाम

Jaipur Diwali Traffic: दिवाली की सजावट को देखने के लिए आने वाले लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए, इस बार यातायात पुलिस ने नया रूट चार्ट तैयार किया।
2 min read
• •
Updated: 24 Oct 2024, 8:45 AM IST
Feature image

Jaipur News: दिवाली की सजावट को देखने के लिए आने वाले लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए, इस बार यातायात पुलिस ने नया रूट चार्ट तैयार किया। इसके तहत, बुधवार को ट्रायल का आयोजन किया गया। रात 8 से 9 बजे तक चले इस ट्रायल ने पूरे परकोटे को जाम कर दिया।

अजमेरी गेट से एंट्री के दौरान जाम की स्थिति बनने लगी और देखते ही देखते परकोटे में वाहनों की रेलमपेल हो गई। आलम यह था कि लोगों का ध्यान सजावट देखने की बजाय जाम से निकलने पर केंद्रित रहा। इस दौरान कुछ वाहन आपस में टकराए, जिससे चालकों के बीच कहासुनी भी देखने को मिली।

त्रिपोलिया बाजार में लगा जाम

चौड़ा रास्ता से आने वाले वाहनों के त्रिपोलिया बाजार की ओर मुड़ते ही टी प्वाइंट पर जाम लग गया। छोटी चौपड़ से आने वाले वाहन आगे नहीं बढ़ पाए। जैसे-जैसे वाहन आते गए, जाम बढ़ता चला गया। कारों और ई-रिक्शा की अधिकता के कारण जाम इस कदर लग गया कि पांच मिनट का सफर पूरा करने में लोगों को 50 मिनट से अधिक समय लग गया। कई लोगों ने चिंता व्यक्त की कि यदि यह स्थिति बनी रही, तो वे सजावट देखने भी नहीं आएंगे।

डीसीपी ट्रैफिक का निरीक्षण

ट्रैफिक व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए डीसीपी ट्रैफिक सागर त्रिपोलिया बाजार में उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने आने वाली समस्याओं को नोट करते हुए कहा कि सजावट देखने के लिए आने वाले लोगों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए ट्रायल किया गया है। पहले वाली और नई व्यवस्था का आंकलन किया जाएगा, और जो व्यवस्था लोगों के लिए बेहतर होगी, उसे अंतिम रूप दिया जाएगा।

चांदपोल रहा खाली

पत्रिका संवाददाता ने चांदपोल का भी दौरा किया। इस दौरान देखा गया कि अजमेरी गेट से आने वाले वाहनों को सजावट देखने के लिए छोटी चौपड़ से त्रिपोलिया बाजार जाना था। ऐसे में चांदपोल जाकर वहां सजावट देखने के बाद चांदपोल गेट से बाहर जाना पड़ता था, जिससे चांदपोल बाजार खाली-खाली रहा जबकि किशनपोल बाजार, छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, और जौहरी बाजार में लोग जाम से जूझते हुए दिखाई दिए।

यह की गई थी व्यवस्था

अजमेरी गेट से एंट्री के बाद सामान्य यातायात किशनपोल बाजार, छोटी चौपड़ पहुंचकर चांदपोल बाजार, संजय सर्कल से संसार चंद्र रोड होकर निकाला गया। त्रिपोलिया बाजार, त्रिपोलिया टी पॉइंट, चौड़ा रास्ता, न्यू गेट से रामनिवास बाग, मान प्रकाश स्लिप लेन से टोंक रोड एवं जे.एल.एन मार्ग से होकर वाहन चालकों को निकाला गया। त्रिपोलिया टी पॉइंट से बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेर गेट से घाटगेट, एमडी रोड एवं रामनिवास बाग चौराहा से होकर यातायात निकाला गया।

Updated on:
24 Oct 2024, 8:45 AM IST
Published on: