जयपुर

जयपुर निम्स अस्पताल आग मामले में बड़ा खुलासा, हो सकता था बड़ा हादसा

जयपुर के चंदवाजी स्थित निम्स अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर की फॉल सीलिंग में शुक्रवार देर रात अचानक आग लग गई। जिस वार्ड में आग लगी, ठीक उसी के पास ऑक्सीजन प्लांट स्थित था, जिससे एक बेहद बड़ा हादसा होने की संभावना थी। हालांकि, समय रहते लपटों पर काबू पा लिया गया।
2 min read
• •
Sep 27, 2026
jaipur nims hospital fire
निम्स अस्पताल आग मामले में बड़ा खुलासा (फोटो पत्रिका)

Jaipur NIMS Hospital Fire News: राजधानी जयपुर के चंदवाजी स्थित निम्स अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार देर रात लगी आग के बाद शनिवार को जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और मौका रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। अब इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल प्रबंधन भी अपने स्तर पर कर रहा जांच

आग की घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन ने भी अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। अस्पताल के प्रबंधक डॉ. पंकज सिंह और संचालक कमेटी ने घटनास्थल का दौरा किया। आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन करने के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से एक आंतरिक कमेटी गठित की गई है।

वार्ड के पास ऑक्सीजन प्लांट

इस घटना में सबसे अहम बात यह रही कि जिस वार्ड में आग लगी, उसके ठीक पास ही ऑक्सीजन प्लांट भी स्थित है। ऐसे में आग के समय रहते काबू में आने से बड़ा हादसा टल गया। शुक्रवार रात ऑपरेशन थिएटर की फॉल सीलिंग में आग लगने के बाद ओटी और एमआइसीयू में धुआं फैल गया था। धुआं फैलने के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कवायद शुरू की गई।

अस्पताल की व्यवस्थाएं अब सुचारू

मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें बेड सहित इमरजेंसी से बाहर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया। इससे आग और धुएं के बीच मरीजों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार घटना में सभी मरीज सुरक्षित हैं और अस्पताल की व्यवस्थाएं अब सुचारू कर दी गई हैं।

कलक्टर ने घटना स्थल का निरीक्षण किया

जिला कलक्टर के निर्देश पर प्रशासन की टीम ने शनिवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंप दी। अब इस रिपोर्ट के आधार पर फायर डिपार्टमेंट सहित संबंधित अधिकारियों की टीम गठित की जाएगी। यह टीम आग लगने के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी। घटना में फिलहाल किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन के अनुसार समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे स्थिति को गंभीर होने से पहले नियंत्रित कर लिया गया।

राजेंद्र कुमार, एसडीएम, आमेर ने बताया कि जिला कलक्टर के निर्देश पर टीम ने मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंप दी है। इसके आधार पर फायर डिपार्टमेंट सहित संबंधित अधिकारियों की टीम गठित की जाएगी। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

Updated on:
27 Sept 2026 10:01 am
Published on:
27 Sept 2026 10:00 am