Operation Clean Sweep: गुलाबी नगरी को चमकाने के लिए नगर निगम 9 मई की रात 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' चलाएगा। रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक 2000 सफाईकर्मी परकोटा सहित हेरिटेज क्षेत्र में सफाई और सौंदर्यीकरण का जिम्मा संभालेंगे।
जयपुर। गुलाबी नगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम 9 मई की रात एक बड़े सफाई अभियान की शुरुआत करने जा रहा है। 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' नाम से चलाए जाने वाले इस विशेष अभियान के तहत पूरी रात शहर की सफाई, कचरा निष्पादन और सौंदर्यीकरण का काम युद्ध स्तर पर किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन का दावा है कि यह अभियान जयपुर की सफाई व्यवस्था को नई पहचान देगा।
नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि यह विशेष अभियान 9 मई 2026 की रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक संचालित होगा। रात के समय अभियान चलाने का उद्देश्य यह है कि यातायात का दबाव कम रहे और सफाई कार्य बिना किसी बाधा के प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
अभियान का मुख्य फोकस जयपुर का हेरिटेज और परकोटा क्षेत्र रहेगा, जहां बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों की टीमें तैनात की जाएंगी। नगर निगम ने इसके लिए करीब 2000 सफाई कर्मचारियों को मैदान में उतारने की तैयारी की है। सफाई कार्य में उपयोग के लिए हूपर, डंपर, झाड़ू, हाथ गाड़ियां, फावड़े, गम बूट, टॉर्च और विशेष नाइट जैकेट जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी।
नगर निगम प्रशासन ने अभियान की मॉनिटरिंग और संचालन को व्यवस्थित बनाने के लिए 36 बीट्स का गठन किया है। प्रत्येक बीट में अधिकारियों और सफाई टीमों की जिम्मेदारी तय की गई है, ताकि पूरे अभियान पर लगातार निगरानी रखी जा सके और तय समय में कार्य पूरा हो।
नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के अनुसार अभियान को सफल बनाने में निजी कंपनियों का भी सहयोग मिल रहा है। कुछ उद्योग समूहों की ओर से सफाई कर्मियों को ब्रांडेड इंसुलेटेड पानी की बोतलें उपलब्ध करवाई गई हैं, जिससे रातभर काम करने वाले कर्मचारियों को पेयजल की सुविधा मिल सके।
नगर निगम ने बताया कि बीते एक महीने में शहर की सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए यह तीसरा बड़ा विशेष अभियान है। निगम का लक्ष्य जयपुर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में शामिल करना है। साथ ही शहर की ऐतिहासिक पहचान और विरासत को भी बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है।