मुंबई एयरपोर्ट पर देर रात जयपुर के यात्रियों ने हंगामा किया। हंगामे की स्थिति उस समय बन गई, जब स्पाइस जेट की मुंबई-जयपुर फ्लाइट एसजी-169 में सफर करने वाले यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। जानकारी के अनुसार करीब 180 यात्री 7 घंटे से अधिक समय तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे।
जयपुर। मुंबई एयरपोर्ट पर देर रात जयपुर के यात्रियों ने हंगामा किया। हंगामे की स्थिति उस समय बन गई, जब स्पाइस जेट की मुंबई-जयपुर फ्लाइट एसजी-169 में सफर करने वाले यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। जानकारी के अनुसार करीब 180 यात्री 7 घंटे से अधिक समय तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे। सुविधाओं के अभाव और लगातार हो रही देरी से परेशान यात्रियों ने एयरलाइन मैनेजमेंट के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। शाम 6 बजे से ही एयरपोर्ट पहुंचे यात्री लगातार अपडेट का इंतजार करते रहे, लेकिन उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
फ्लाइट का निर्धारित समय रात 8:30 बजे था, लेकिन इसे पहले 9:10 बजे और फिर सीधे रात 12:25 बजे कर दिया गया। इससे यात्रियों में असमंजस और नाराजगी बढ़ती गई। आखिरकार यह फ्लाइट रात 1:33 बजे मुंबई से जयपुर के लिए रवाना हो सकी।
लगातार देरी और खराब व्यवस्था से नाराज यात्रियों ने स्पाइसजेट के काउंटर पर जमकर नारेबाजी की। कई यात्रियों ने आरोप लगाया कि एयरलाइन स्टाफ ने उन्हें सही जानकारी नहीं दी और केवल समय बढ़ाकर टालता रहा। छोटे बच्चों और बुजुर्गों के साथ घंटों तक इंतजार करना उनके लिए बेहद मुश्किल भरा रहा।
यात्रियों का कहना था कि अगर शुरुआत में ही देरी की असली वजह बता दी जाती, तो वे अपनी यात्रा को लेकर वैकल्पिक इंतजाम कर सकते थे। लेकिन एयरलाइन की ओर से पारदर्शिता नहीं बरती गई। इस कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लंबे इंतजार और हंगामे के बाद आखिरकार फ्लाइट रवाना हुई और फिर जयपुर पहुंची। यहां भी यात्रियों के परिजनों को घंटों इंतजार करना पड़ा। फिलहाल इस मामले में स्पाइसजेट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन यात्रियों ने नाराजगी जाहिर की है। हवाई यात्रा में देरी होने पर यात्रियों को सुविधाएं देना एयरलाइन की जिम्मेदारी होती है। लंबी देरी की स्थिति में खाना, पानी, बैठने की व्यवस्था और सही जानकारी देना अनिवार्य है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के नियमों के अनुसार, यात्रियों को देरी की स्पष्ट वजह बताना और जरूरत पड़ने पर मुआवजा या वैकल्पिक व्यवस्था देना भी जरूरी होता है।
घटना के बाद कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की। लोगों ने फ्लाइट देरी और खराब मैनेजमेंट को लेकर एयरलाइन को टैग करते हुए शिकायतें कीं। यात्रियों का कहना था कि इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे एयरलाइंस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और यात्री भरोसा कम हो रहा है।