
मई के पहले पखवाड़े में भी शुरू नहीं हुई बूस्टरों के खिलाफ अभियान की सुगबुगाहट
जलापूर्ति समय में बिजली कटौती पर अड़े जलदाय अफसर, लेकिन घरों में बूस्टरों के उपयोग पर लगाम कसने में हो रहे नाकाम
विभाग में हो रही चर्चा आखिर किस के इशारे पर शुरू नहीं हो रहा अभियान
जयपुर। गर्मी की शुरूआत होते ही शहर में अवैध उपयोग हो रहे बूस्टरों की धरपकड़ करने वाला जलदाय विभाग इस बार गर्मी का आधा सीजन बीतने के बावजूद सो रहा है। वहीं दूसरी तरफ जिला कलक्टर की मीटिंग में विभाग के अफसरों ने जलापूर्ति समय में बिजली कटौती का विकल्प रखकर बूस्टरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू नहीं करने का मानस जता दिया है।
जिला कलक्टर ने बिजली कंपनियों को जलापूर्ति समय में शहर के दो इलाको में बिजली काटने के आदेश दिए, लेकिन मामला फिलहाल उर्जा विभाग में अटका हुआ है और जलदाय अफसर बूस्टरों के खिलाफ कार्रवाई करने से बच रहे हैं। मालूम हो शहर में खुलेआम सीधे पाइप लाइनों से बूस्टरों के माध्यम से दूसरों के हक के पानी पर लोग डाका डाल रहे हैं। नियमानुसार सीधे जलापूर्ति लाइन में बूस्टर लगाने पर रोक है, लेकिन जलदाय विभाग के अफसरों की अनदेखी के चलते शहरभर में खुलेआम बूस्टरों का जमकर उपयोग हो रहा है। जबकि जिम्मेदार अफसर बिजली कटौती शुरू होने की आस लगाकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं।
विभाग के आला अफसरों के अनुसार जिला कलक्टर की निगरानी में जल्द ही बूस्टरों की धरपकड़ को लेकर अभियान शुरू तो होगा, लेकिन यह कब शुरू होगा फिलहाल यह तय नहीं है। ऐसे में आगामी दिनों में शहर के पेयजल उपभोक्ताओं को पानी संकट से राहत मिलने की उम्मीद भी कम ही नजर आ रही है।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शहर में जलदाय विभाग के करीब 5.50 लाख वैध कनेक्शन हैं वहीं अवैध जल कनेक्शनों का आकंड़ा विभाग के पास नहीं है। बीते एक महीने में शहर में बूस्टरों के खिलाफ महज फौरी कार्रवाई ही हुई है जबकि विभाग के अफसर जल्द ही खातीपुरा और प्रतापनगर क्षेत्र में जलापूर्ति समय में बिजली कटौती शुरू करने की बात कह रहे हैं।
इनका कहना है—
जिला कलक्टर के निर्देश पर जल्द ही शहर में अवैध बूस्टरों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू होगी। कार्रवाई के दौरान पुलिस जाप्ता भी मांगा गया है।
—दिनेश कुमार सैनी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता, जयपुर रीजन द्वितीय,जलदाय विभाग