जयपुर

Jaipur Protest: नीट पेपर लीक के विरोध में जयपुर में भी सड़कों पर उतरे छात्र, पत्रिका गेट पर प्रदर्शन

Jaipur Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के बाद अब जयपुर में भी छात्र सड़क पर आ गए हैं। पत्रिका गेट पर छात्रों ने एक साथ मिलकर पेपर लीक के विरोध में आवाज उठाई है।
2 min read
Jul 24, 2026
Jaipur Protest
जयपुर में पत्रिका गेट पर प्रोटेस्ट ( Photo-Dinesh Dabi)

Jaipur Student Protest: दिल्ली में नीट पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध की गूंज अब जयपुर तक पहुंच गई है। बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र और युवा जवाहर सर्किल स्थित पत्रिका गेट पर जुटे। छात्रों के हाथ में खूब सारे बैनर दिखे और उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा मांगने के साथ-साथ पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। आज पत्रिका गेट पर प्रदर्शन का दूसरा दिन है और पहले दिन की तरह आज भी बच्चों में खूब जोश दिखाई दिया।

देर रात हथियार लेकर पहुंचा युवक

जयपुर में हो रहे इस प्रदर्शन का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। गुरुवार रात को प्रदर्शन के दौरान एक युवक कथित तौर पर हथियार लेकर पत्रिका गेट पहुंच गया, जिस पर बहुत हंगामा हुआ। वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों ने उसकी वीडियो बना ली और उसे जमकर खरी-खोटी सुनाई। लोगों का आरोप था कि वह शांतिपूर्ण तरीके से चल रहे आंदोलन का माहौल खराब करने और विवाद पैदा करने के इरादे से आया था। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

20 जून से चल रहा दिल्ली में प्रोटेस्ट

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से छात्रों और युवा संगठनों का प्रदर्शन जारी है। इस आंदोलन का नेतृत्व अभिजीत दिपके की अगुवाई वाला संगठन CJP (Cockroach Janta Party) कर रहा है। 28 जून को सोनम वांगचुक इस आंदोलन के समर्थन में आए थे और उन्होंने मांगे पूरी नहीं होने तक अनिश्चिकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। बता दें कि सीजेपी ने 20 जुलाई को संसद मार्च की घोषणा की थी लेकिन उस दिन प्रदर्शनकारियों पर मार्च के दौरान लाठीचार्ज किया गया और टीयर गैस का भी उपयोग किया गया। इसके बाद यह आंदोलन और तेज हो गया और अब इस प्रोटेस्ट की गूंज जयपुर समेत कई राज्यों में गूंज रही है।

सोनम वांगचुक ने तोड़ी भूखहड़ताल

सोनम वांगचुक ने गुरुवार देर रात को अपनी 26 दिनों से चली आ रही अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल समाप्त की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह की उपस्थिति में उन्होंने जूस पीकर अपना अनशन समाप्त किया। अनशन खत्म करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करतो हुए सोनम वांगचुक के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने गुरुवार देर रात ही नीट पेपर लीक पर एक सेल्फ रिकॉर्डेड वीडियो डालकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस वीडियो में कड़े कानूनी एक्शन, फास्ट-ट्रैक कोर्ट और नए कानून को लेकर कई बड़ी बातें कहीं।