
जयपुर। अंजनी पुत्र भगवान हनुमान का जन्मोत्सव शनिवार को छोटी काशी में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस मौके पर शहर के हनुमान मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। श्रद्घालु रातभर जागकर केसरीनंदन का अभिनंदन करेंगे। भक्त हनुमान चालीसा और सुंदर कांड के पाठ करेंगे। वहीं हनुमान मंदिरों में अजंनी सुत का दुग्धाभिषेक कर नवीन पौशाक धारण करवाई जाएगी। हनुमान जन्मोत्सव के लिए मंदिरों को रंगीन रोशनी और बांदरवालों से सजाया जा चुका है। दर्शनों के लिए मंदिरों में हनुमान भक्तों का दिनभर तांता लगा रहेगा। इस बार शनिवार के साथ हनुमान जन्मोत्सव पर हस्त नक्षत्र व सूर्य बुधादित्य का विशेष योग भी बन रहा है, जो हनुमान जी की साधना करने वालों के लिए फलदायी होगा।
इन मंदिरों में होंगे खास आयोजन
चांदपोल हनुमानजी के मंदिर में महंत मारुतीवल्लभ पारीक के सान्निध्य में मध्य रात्रि में पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। शृंगार के बाद जन्म आरती की जाएगी। सांगानेरी गेट स्थित पूर्वी मुखी हनुमानजी मंदिर में महंत नारायण शर्मा के सान्निध्य आज रात 10.30 बजे पंचामृताभिषेक किया जाएगा। इसके बाद सवा किलो सिंदूर का चौला चढ़ाया जाएगा। मनीषा शर्मा ने बताया कि नवीन पोशाक धारण करवाने के बाद मध्य रात्रि में जन्म आरती की जाएगी। शाम 6.30 बजे आरती के बाद शोभायात्रा रवाना होगी। पश्चिममुखी हनुमान मंदिर में पंडित राजेशकुमार शर्मा के सान्निध्य में रात 10.30 बजे अभिषेक होगा। उसके बाद नवीन पोशाक धारण करवा कर जन्म आरती की जाएगी। चांदी की टकसाल स्थित काले हनुमानजी मंदिर में दो दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव के तहत महंत गोपालदास महाराज के सान्निध्य में रात्रि में सहस्त्राभिषेक किया जाएगा। मंगलवार सुबह 11 बजे से सुन्दर कांड के पाठ होंगे। शाम को फूल बंगले की झांकी, मोदकों का भोग और भजन संध्या का आयोजन होगा। इसके बाद महा आरती होगी। पुराना घाट स्थित घाट के बालाजी मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाएगा। महंत सुरेश मिश्रा के सान्निध्य में बालाजी का अभिषेक कर चौला चढ़ा कर नवीन पौशाक धारण करवाई जाएगी। बालाजी को बाटी चूरमा का भोग लगाया जाएगा।
1100 आसनों पर होगा सुंदरकांड का पाठ
खोले के नुमानजी के मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाएगा। नरवर सेवा समिति के मंत्री ब्रजमोहन शर्मा ने बताया कि कल सुबह 5.15 बजे हनुमानजी का अभिषेक किया जाएगा। 10 बजे हनुमानजी को सिंदूर का चोला वढ़ाया जाएगा। दोपहर 12 बजे जन्म आरती की जाएगी। शोडषोपच्चार पूजा के बाद हनुमानजी का अभिषेक किया जाएगा। अपराह्न 3 बजे हनुमानजी को चांदी की पोशाक धारण करवा कर शृंगार किया जाएगा। इसके बाद भक्ति संगीत का आयोजन होगा। हनुमानजी का अभिषेक कर शृंगार किया जाएगा। गोपालपुरा से 17वीं पदयात्रा के पहुंचने के बाद महाआरती एवं भजन संध्या का आयोजन होगा। हनुमानजी को चांदी की पौशाक धारण करवाई जाएगी। अम्बाबाड़ी हनुमान मंदिर टस्ट की ओर से संकट मोचन हनुमान मंदिर में आज 38वां महोत्सव मनाया जाएगा। प्रात: अभिषेक कर झांकी सजाई जाएगी। इस मौके पर दो दिन 1100 आसनों पर सुन्दर कांड के पाठों का आयोजन होगा। लुनियावास स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में भी सिन्दुर का चौला चढ़ा कर शृंगार किया जाएगा। करतारपुरा स्थित मनशापूर्ण हनुमान मंदिर में पंडित राधेश्याम शर्मा के सान्निध्य में दो दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाएगा। प्रथम दिवस विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। शाम को 4100 दीपकों से हनुमानजी की महाआरती की जाएगी। मंदिर समिति के महासचिव सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने बताया कि शनिवार को प्रात: दुग्धाभिषेक के बाद रुद्रपाठ का आयोजन होगा। शाम को भजन संध्या के बाद 11000 हजार मोदकों का भोग अर्पित किया जाएगा। शाम को भजन संध्या का आयोजन होगा। श्रीराम भक्त हनुमान सुंदरकांड परिवार के 10वें वार्षिक उत्सव के अवसर पर दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव का आयोजन किया जाएगा। नींदड मोड स्थित गुडवालाज मैरिज गार्डन में होने वाले कार्यक्रम के लिए कल सुबह 8 बजे भव्य कलशयात्रा निकाली जाएगी। रविवार को दोपहर 12 बजे सामूहिक संगीतमय सुंदरकांड के पाठ किए जाएंगे। मंदिर श्री गीता गायत्रीजी स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में भी हनुमान जन्मोत्सव कल बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। प्रातः काल हनुमान चालीसा के 1008 पाठ दोपहर 12:00 बजे जन्मोत्सव महाआरती और उसके बाद सुंदरकांड के पाठ किए जाएंगे।