
जयपुर/बूज-मानोता। जमवारामगढ़ थाना इलाके से गुजर रहे जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस-वे के पिलर नंबर 48.2 के समीप बूज गांव के पास रविवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे बांदीकुई की ओर से तेज गति में आ रही एक कार ने एक्सप्रेस वे पर खरपतवार हटा रही तीन महिलाओं को टक्कर मार दी, जिनमें दो महिलाओं की तो मौके पर ही मौत हो गई और एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक महिलाओं की शिनाख्त खेड़ावास निवासी प्रेम देवी बलाई (55), मनफूली देवी मीणा (60) व नेवर गांव निवासी कौशल्या बलाई के रूप में हुई है। हादसे के बाद करीब तीन घंटे तक जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस-वे जाम रहा। दोनों ओर करीब 20 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगने से हजारों लोग जाम में फंस गए।
हादसे के बाद लगे जाम में दिल्ली से जयपुर आ रहे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा भी फंस गए। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने जाम की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद जमवारामगढ़, कानोता और आंधी थाना पुलिस का जाप्ता मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को जाम से निकालने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों की भारी भीड़ के कारण मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदेशाध्यक्ष का घेराव कर मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की।
हादसे के बाद करीब तीन घंटे तक हाईवे जाम रहा। एक्सप्रेस-वे पर दोनों ओर करीब 20 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगने से हजारों वाहन जाम में फंस गए। इससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इधर, अजमेर रोड स्थित कमला नेहरू पुलिया पर रविवार रात दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। पीछे से आए रोड़ी से भरे ट्रक ने आगे चल रहे धान की बोरियों से लदे ट्रक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि रोड़ी से भरे ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। हादसे की सूचना पर भांकरोटा थाना अधिकारी दीपक त्यागी, हेड कांस्टेबल मोहनलाल और चेतक चालक सुनील कुमार पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। घायल चालक को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भिजवाया गया।
पुलिस के अनुसार रोड़ी से भरा ट्रक 200 फीट बाइपास की तरफ से अजमेर की ओर जा रहा था। कमला नेहरू पुलिया पर पहुंचने के दौरान ट्रक आगे चल रहे धान की बोरियों से भरे ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर के बाद दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात को सुचारू कराया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।