जयपुर

Jaipur Accident: लाडलों को बचाने के लिए किए लाख जतन, मां-बेटी की बाहों में जकड़े मिले बच्चों के शव; देखते ही भर आई आंखें

Jaipur Road Accident: शिवदासपुरा के प्रहलादपुरा इंडस्ट्रीयल एरिया के पास रिंग रोड के नीचे अंडरपास में गिरी कार ने एक ही परिवार की खुशियों को पलभर में छीन लिया।
2 min read
• •
Updated: 15 Sep 2025, 9:06 AM IST
jaipur-road-accident
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। फोटो: पत्रिका

Shivdaspura Road Accident: जयपुर। शिवदासपुरा के प्रहलादपुरा इंडस्ट्रीयल एरिया के पास रिंग रोड के नीचे अंडरपास में गिरी कार ने एक ही परिवार की खुशियों को पलभर में छीन लिया। गाड़ी को पानी से बाहर निकालने पर पीछे का दरवाजा खोला गया, तो मधु और उनकी मां अपने बच्चों को कसकर बाहों में दबाए मिलीं। दोनों बच्चे महिलाओं के पास थे और उनके शव आपस में उलझे हुए थे, यह देखकर पुलिसकर्मी और प्रत्यक्षदर्शी सन्न रह गए। यह देखकर हर किसी की आंखें भर आई।

प्रारंभिक आशंका है कि कार लगभग 20 फीट नीचे गिरी और अंडरपास में भरे पानी में डूबने से यह परिवार मौत के गर्त में चला गया। शायद कोई भी उस पानी से बाहर निकलने का मौका नहीं पा सका। इस हादसे ने भीलवाड़ा और वाटिका में परिवार और रिश्तेदारों के दिलों में जीवनभर के दुख के सागर में डुबो दिया।

टोल गेट पार करते नजर आई थी कार

भीलवाड़ा निवासी अशोक वैष्णव उर्फ कालूराम, उनकी पत्नी सीमा, बेटे रोहित और पोते गजराज हरिद्वार से लौट रहे थे। इसी कार में अशोक का दामाद वाटिका निवासी रामराज, बेटी मधु और 14 महीने का नाती रुद्र भी थे। सीसीटीवी फुटेज में कार रिंग रोड पर रविवार सुबह 5.30 बजे टोल गेट पार करते नजर आई, इसके कुछ ही पल बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ। प्रारंभिक अनुमान है कि कार चला रहे रामराज को नींद की झपकी आ गई और वाहन अंडरपास में गिर गया। दोनों महिलाएं बच्चों को अपनी गोदी में बैठाए हुई थीं।

फूलियाकलां में मातम

भीलवाड़ा के फूलियाकलां निवासी अशोक वैष्णव, उनकी पत्नी सीमा, बेटा रोहित और पोता गजराज की मौत की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया। सन्नाटा पसरा और ग्रामीण शोक संतृप्त थे। रोहित की पत्नी और दूसरे बेटे को हादसे की जानकारी देर रात तक नहीं दी गई थी। खबर लिखे जाने तक ग्रामीण अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे हुए थे। सातों मृतकों का सोमवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। अशोक मंदिर में पूजा और खेती करके जीवन यापन कर रहे थे, लेकिन अब उनका पूरा परिवार इस दर्दनाक हादसे में छिन गया।

Updated on:
15 Sep 2025, 9:06 AM IST
Published on: