जयपुर

जयपुर की सड़कों का हाल चौंकाने वाला: गोपनीय रिपोर्ट से खुली पोल, 194 सड़कों पर निकले 713 गड्ढे

जयपुर में एक गोपनीय रिपोर्ट में 194 सड़कों पर 713 गड्ढे मिलने का खुलासा हुआ है। इसके अलावा कई जगह फुटपाथ टूटे, मीडियन बदरंग और स्ट्रीट लाइटें बंद मिलीं। अब इन खामियों को दूर करने की तैयारी है।
2 min read
• •
Updated: 28 Oct 2026, 10:25 AM IST
Jaipur Road Conditions
सहकार मार्गः इस फुटपाथ पर चलकर तो दिखाओ। फोटोः अनुग्रह सोलोमन

अश्विनी भदौरिया

जयपुर. शहर की सड़कें जो कहानी गड्‌ढों, टूटे फुटपाथों और बदहाल मीडियन के जरिए कह रही थीं, अब वही कहानी एक गोपनीय रिपोर्ट ने दस्तावेजों में दर्ज कर दी है। शहर की सड़कों पर गड्‌ढों की समस्या कितनी गंभीर है और जेडीए के अभियंता रख-रखाव को लेकर कितने लापरवाह है, इसका खुलासा उपायुक्तों और तहसीलदारों से तैयार कराई इस रिपोर्ट में हुआ है। सूत्रों के अनुसार जेडीसी सिद्धार्थ महाजन के निर्देश पर तैयार इस रिपोर्ट में 203 निरीक्षण किए गए, जिनमें 713 गड्ढे मिले। रिपोर्ट में 194 अलग-अलग सड़कों को शामिल किया गया है। निरीक्षण में टूटे फुटपाथ, क्षतिग्रस्त फेरो कवर, खराब मीडियन, धुंधले रोड मार्किंग और बंद स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याएं भी सामने आई है। रिपोर्ट के आधार पर जेडीसी समीक्षा करेंगे। डीएलपी अवधि की सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा, वहीं अन्य कमियों को भी दूर करने की कार्रवाई होगी। जल्द बैठक बुलाए जाने के साथ लापरवाही बरतने वाले अभियंताओं पर कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है।

यहां सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त मीडियन

टेऊराम गोशाला रोड, प्रताप सर्कल से एयरपोर्ट रोड, रजत पथ, मान्यावास रोड और जनपथ (न्यू सांगानेर रोड से किंग्स रोड) सहित शहर की 20 प्रमुख सड़कों पर मीडियन क्षतिग्रस्त मिले। कई स्थानों पर मीडियन 20 जगह तक टूटे हुए पाए गए।

ये हाल तब जबकि…

  • जेडीए सड़कों पर सालाना 300 करोड़ रुपए से अधिक खर्च करता है।
  • ड्रेनेज कार्यों पर 50 करोड़ रुपए से अधिक के काम वर्तमान में चल रहे हैं।
  • बारिश में और बाद मरम्मत पर 80 करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए जाते हैं।
स्टेशन रोड. सिंधी कैंप के सामने बने मीडियन का बुरा हाल।

टॉप-5 गड्ढों वाली सड़कें

सड़क/हिस्सागड्ढों की संख्या
शिकारपुरा रोड (गोविंदपुरा से डिग्गी रोड)84
शिकारपुरा रोड (गुलर का बंधा से गोविंदपुरा)35
80 फीट सेक्टर रोड, दक्षिणी बाइपास से निर्मिति अपार्टमेंट होते हुए महल रोड30
80 फीट रोड, टर्मिनल-2 रोड से नेटर रोड30
टोंक रोड से जयपुर ग्राम निगम होते हुए टोंक रोड23

यूं समझें रिपोर्ट का सार

  • 54 निरीक्षणों में 39 स्थानों पर फुटपाथ क्षतिग्रस्त मिले। यानी 72% मामलों में टूट-फूट दर्ज की गई।
  • 133 मीडियन का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 104 पर यानी करीब 78% प्रतिशत में रंग-रोगन की जरूरत पाई गई।
  • 203 स्थानों पर थर्मोप्लास्टिक रोड पेंट की स्थिति देखी गई। इनमें से 129 जगह रोड मार्किंग असंतोषजनक मिली।
  • 179 निरीक्षणों में 12 स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद पाई गईं।

यहां मीडियन की हालत खराब

रजत पथ, संसार चंद्र रोड, रेलवे स्टेशन से संजय सर्कल, बेनाड़ रोड बाइपास से सीतावाली फाटक, अजमेर रोड (पुरानी चुंगी से सी-जोन बाइपास) और ज्ञान विहार कॉलेज से हरे कृष्णा मार्ग (महल रोड) तक मीडियन की स्थिति खराब मिली।

Updated on:
28 Oct 2026, 10:25 AM IST
Published on: