जयपुर

जयपुर में युवक की हत्या का खुलासा, पत्नी और उसके प्रेमी ने रची थी साजिश, दोनों गिरफ्तार

Jaipur Murder Case : जयपुर के शिप्रापथ थाना पुलिस ने त्रिवेणी नगर पुलिया के नीचे युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम संबंधों के चलते दोनों ने मिलकर युवक की हत्या की साजिश रची थी।

2 min read
Jun 13, 2026
Jaipur murder case
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी । फोटो पत्रिका नेटवर्क

जयपुर। जयपुर के शिप्रापथ थाना पुलिस ने त्रिवेणी नगर पुलिया के नीचे युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम संबंधों के चलते दोनों ने मिलकर युवक की हत्या की साजिश रची थी। पत्नी के कहने पर प्रेमी ने शराब पिलाकर युवक का गला रेत दिया।

डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि आरोपी नंदपुरी कॉलोनी बाइस गोदाम निवासी मोनू जाटव उर्फ मोनू चौधरी (28) तथा गंगोत्री नगर त्रिवेणी नगर निवासी आरती जाटव (32) को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मृतक के चाचा मांगीलाल निवासी सिकरी मध्यप्रदेश ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।

पुलिस के अनुसार मृतक महेश जाटव मूल रूप से शिवपुरी मध्यप्रदेश का रहने वाला था और त्रिवेणी नगर क्षेत्र में मजदूरी करता था। रिपोर्ट में बताया कि मोनू चौधरी की महेश से पुरानी रंजिश थी। 11 जून को मोनू ने महेश को शराब पीने के बहाने त्रिवेणी नगर पुलिया के नीचे बुलाया। वहां उसे शराब पिलाई और बाद में बजरी मंडी की ओर ले जाकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।

आरोपी लगातार बदलता रहा था अपनी लोकेशन

घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र के करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा, लेकिन पुलिस टीम ने करीब 50 किलोमीटर तक पीछा कर उसे रिंग रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वारदात के बाद मध्यप्रदेश भागने की फिराक में था।

तीन साल से थे प्रेम संबंध

थानाप्रभारी महेन्द्र सिंह ने बताया कि आरती और मोनू के बीच पिछले करीब तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। महेश को इसकी जानकारी होने पर उसने पत्नी को मोनू से संपर्क रखने से मना कर दिया था और उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद मोनू ने महेश से दोस्ती बढ़ा ली और अक्सर उसके साथ शराब पार्टी करने लगा।

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात वाले दिन आरती ने मोनू को 1200 रुपए देकर महेश को शराब पिलाने और रास्ते से हटाने के लिए कहा था। योजना के तहत मोनू ने शराब खरीदी, महेश को नशे में धुत किया और फिर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने इंस्टाग्राम कॉल के जरिए आरती को हत्या की जानकारी दी और ऑनलाइन बाइक बुक कर अपने ठिकाने की ओर रवाना हो गया। पूछताछ में मोनू ने स्वीकार किया कि उसने आरती के कहने पर महेश की हत्या की थी।

Published on:
13 Jun 2026 08:02 pm