जयपुर

Jaipur Sirsi Road Encroachment: 160 फीट सड़क के लिए 300+ दुकानें हटेंगी, JDA का बड़ा एक्शन प्लान

शहर की ट्रैफिक लाइफलाइन मानी जाने वाली सिरसी रोड पर एक बार फिर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई होने जा रही है। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने 200 फीट बाइपास से सिरसी मोड़ तक करीब 4.5 किलोमीटर के हिस्से में सड़क को मास्टर प्लान के अनुसार 160 फीट चौड़ा करने की तैयारी पूरी कर ली है।
2 min read
Apr 12, 2026
Feature image

जयपुर। शहर की ट्रैफिक लाइफलाइन मानी जाने वाली सिरसी रोड पर एक बार फिर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई होने जा रही है। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने 200 फीट बाइपास से सिरसी मोड़ तक करीब 4.5 किलोमीटर के हिस्से में सड़क को मास्टर प्लान के अनुसार 160 फीट चौड़ा करने की तैयारी पूरी कर ली है। इस दायरे में 300 से अधिक दुकानें, मकानों के हिस्से, रिसोर्ट, विवाह स्थल और पेट्रोल पंप कार्रवाई की जद में हैं।

खास बात यह है कि इस बार बुलडोजर चलने से पहले JDA ने संवाद की रणनीति अपनाई है। पिछले एक महीने से 14 टीमें इलाके में लगातार व्यापारियों और स्थानीय लोगों को समझा रही हैं। इसका असर भी दिखने लगा है...कई व्यापारियों ने नुकसान कम करने के लिए खुद ही अपनी दुकानें हटानी शुरू कर दी हैं।

क्या हो रहा है मौके पर?
जोन स्तर पर सर्वे के बाद अतिक्रमण चिन्हित
प्रवर्तन शाखा ने संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए
15 अप्रैल से डिमार्केशन शुरू होने की संभावना

8 जोन टीमें और 6 प्रवर्तन टीमें लगातार कर रही हैं संवाद कोर्ट के आदेश से बढ़ी सख्ती

यह पूरी कार्रवाई उच्च न्यायालय के आदेश के तहत हो रही है। कोर्ट की डबल बेंच ने मास्टर प्लान के अनुरूप सड़कचौड़ीकरण के निर्देश दिए हैं और 13 मई तक पालना रिपोर्ट पेश करने को कहा है। JDA अधिकारियों का कहना है कि इसी समयसीमा को ध्यान में रखते हुए तेजी से काम किया जा रहा है।

आयुक्त खुद कर रहे मॉनिटरिंग
JDA आयुक्त सिद्धार्थ महाजन इस अभियान को लेकर लगातार फीडबैक ले रहे हैं। हाल ही में उन्होंने खुद सिरसी रोड का दौरा कर व्यापारियों से बातचीत की और उन्हें स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए प्रेरित किया।

पहले भी चला था ‘पीला पंजा’
गौरतलब है कि पिछले साल अप्रैल में भी JDA ने इसी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए झाड़खंडमोड़ तिराहे से 200 फीट बाइपास तक 200 से अधिक निर्माणों को ध्वस्त किया था।

JDA का दावा
किसी भी प्रभावित के पास सड़क सीमा में वैध पट्टा नहीं
सभी पट्टे 160 फीट सड़क सीमा छोड़कर ही जारी किए गए

Published on:
12 Apr 2026 04:52 pm