जयपुर

महंगे होटल, मूवी और नौकरी का झांसा…जयपुर में महिला टीचर ने स्टूडेंट पर शादी का बनाया दबाव, इनकार पर ब्लैकमेलिंग का आरोप

Jaipur Crime: जयपुर में महिला टीचर पर कोचिंग स्टूडेंट को विदेश में नौकरी का झांसा देकर नजदीकियां बढ़ाने और शादी का दबाव बनाने का आरोप है। शादी से इनकार पर 5 लाख रुपए मांगने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने की शिकायत पर FIR दर्ज हुई है।
2 min read
Sep 08, 2026
jaipur blackmailing case
Ai Generated Image

जयपुर में एक महिला टीचर पर कोचिंग स्टूडेंट को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर अपने करीब लाने और बाद में ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। शिकायत में आरोप लगाए गए हैं कि महिला ने स्टूडेंट पर शादी के लिए दबाव बनाया। इतना ही नहीं जब उसने इनकार किया तो उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और 5 लाख रुपए भी मांगे परेशान होकर स्टूडेंट की मां ने सोमवार शाम पुलिस में FIR दर्ज कराई है।

कोचिंग में हुई थी पहचान

पुलिस के मुताबिक, जयपुर की रहने वाली 44 साल की महिला ने शिकायत में बताया कि उसका बेटा एक कोचिंग में पढ़ने जाता है। वहीं उसकी मुलाकात वहां पढ़ाने वाली महिला टीचर से हुई। शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत होती थी। आरोप है कि महिला ने बेटे को विदेश में नौकरी लगवाने की बात कही। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ता गया। महिला उसे अपने खर्चे पर महंगे होटल और रेस्टोरेंट ले जाने लगी और साथ में फिल्म भी देखने जाती थी।

नजदीकियां बढ़ीं तो शादी के लिए बनाने लगी दबाव

शिकायत के अनुसार, लगातार मिलना-जुलना बढ़ने के साथ दोनों के बीच नजदीकियां भी बढ़ गईं। इसके बाद महिला टीचर ने स्टूडेंट पर शादी करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। हालांकि, स्टूडेंट शादी के लिए तैयार नहीं था। उसने जब साफ तौर पर इनकार किया तो मामला बिगड़ने लगा। आरोप है कि 1 सितंबर को महिला टीचर उसके घर पहुंच गई और वहां हंगामा किया। इसके बाद उसने स्टूडेंट को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।

5 लाख रुपए की मांग और जेल भिजवाने की धमकी का आरोप

पीड़ित की मां का आरोप है कि महिला टीचर ने झूठे केस में फंसाने की धमकी देते हुए 5 लाख रुपए की मांग की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि महिला ने ऊंचे लोगों तक अपनी पहुंच होने का दावा किया और बेटे को जेल भिजवाकर उसकी जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। लगातार मिल रही धमकियों से परिवार परेशान हो गया। इसके बाद मां ने पुलिस थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।

गुरुग्राम में भी केस दर्ज होने का दावा

पुलिस ने महिला टीचर के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में महिला के खिलाफ गुरुग्राम, हरियाणा में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज होने का भी दावा किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। पूरा मामला सामने आने के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्टूडेंट और महिला टीचर के बीच किस तरह संपर्क बढ़ा और शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Updated on:
08 Sept 2026 05:59 pm
Published on:
08 Sept 2026 05:54 pm