8 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Manish Soni Death Case : ‘1 करोड़ मुआवज़े की मांग’, जानें जयपुर के आमेर में टूरिस्ट गाइड मौत मामले की 10 बड़ी बातें

जयपुर के आमेर में टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की मौत के बाद तनाव। आमेर बाजार बंद, हाथी सवारी ठप और जलमहल रूट डायवर्ट। जानिए मामले की 10 बड़ी बातें।
2 min read
Google source verification
Amer Tourist Guide Murder Manish Soni Dies Jaipur 10 Key Updates

Amer Tourist Guide Manish Soni Murder Protest PIC

जयपुर के ऐतिहासिक पर्यटन स्थल आमेर में मंगलवार 8 सितंबर की सुबह उस वक्त तनाव हो गया, जब मामूली विवाद में हमले का शिकार हुए 40 वर्षीय टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही आमेर के मुख्य बाजार पूरी तरह बंद करवा दिए गए, पर्यटकों के लिए आमेर महल में हाथी सवारी रोक दी गई और स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया है।

मनीष सोनी की मौत मामले की 10 बड़ी बातें

1. सोमवार सुबह हुआ था विवाद

घटना 7 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे आमेर किले के पास स्थित मावठा सरोवर पर पर्यटकों की कार को ऊपर महल की तरफ ले जाने और रास्ता समझाने के दौरान शुरू हुई थी।

2. मामूली बहस में चाकूबाजी

गाड़ी ले जाने को लेकर स्थानीय टूरिस्ट गाइड मनीष सोनी (40 वर्ष) और वहां जीप चलाने वाले ड्राइवर आजम के बीच तीखी बहस हो गई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

3. विवाद बढ़ा, जानलेवा हमला

विवाद बढ़ने पर आरोपी जीप ड्राइवर आजम ने अपने साथी नाजिश के साथ मिलकर गाइड मनीष सोनी पर जानलेवा वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

4. इलाज के दौरान तोड़ा दम

गंभीर हालत में मनीष सोनी को जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार 8 सितंबर 2026 की सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

5. आमेर बाजार पूरी तरह बंद

मनीष की मौत की खबर फैलते ही आमेर के स्थानीय व्यापारियों, गाइडों और निवासियों में भारी गुस्सा फैल गया और उन्होंने आमेर के मुख्य बाजार की सभी दुकानों को पूरी तरह बंद करा दिया।

6. पर्यटन गतिविधियां और हाथी सवारी ठप

आमेर किले में सुरक्षा और स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पर्यटकों की आवाजाही पर ब्रेक लग गया है और प्रसिद्ध हाथी सवारी (Elephant Ride) को पूरी तरह रोक दिया गया है।

7. जलमहल रूट से ट्रैफिक डायवर्ट

आमेर मुख्य मार्ग पर स्थानीय लोगों के विरोध प्रदर्शन और चक्काजाम के कारण पुलिस ने जयपुर से आमेर-दिल्ली रोड की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को जलमहल रूट से ही डायवर्ट कर दिया है।

8. परिजनों और प्रदर्शनकारियों की मांगें

प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार के लिए ₹1 करोड़ का आर्थिक मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग रखी है।

9. मुख्य आरोपी आजम हिरासत में

जयपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जीप चालक आजम और उसके साथी को हिरासत में ले लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।

10. भारी पुलिस बल तैनात

सांप्रदायिक और प्रशासनिक रूप से मामला संवेदनशील होने के कारण डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर डटे हुए हैं, और पूरे आमेर इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

    प्रशासन की अपील और सुरक्षा के कड़े इंतजाम

    घटना के बाद उपजे तनाव को देखते हुए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट अलर्ट मोड पर है। आमेर महल और आसपास के मुख्य चौराहों पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और पर्यटन व्यवसायियों से शांति बनाए रखने की अपील की है।