
Jaipur Mansarovar Murder Case: जयपुर: एक महिला की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पिछले एक साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जमानत पर रिहा होने के बाद अदालत में पेश न होकर पहचान छिपाकर अलग-अलग राज्यों में फरारी काट रहा था। सटीक सूचना मिलने पर मानसरोवर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने उसे प्रताप नगर इलाके में धर दबोचा।
डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी रामवीर जाटव निवासी खेड़ली, अलवर का रहने वाला है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में मानसरोवर थाने में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। जमानत पर बाहर आने के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी करने पर डीसीपी कार्यालय से उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपने परिजनों से किसी भी प्रकार का संपर्क नहीं रख रहा था। साइबर सेल और तकनीकी टीम की मदद से जब मामले की पड़ताल की गई, तो पता चला कि वह गुजरात के सूरत शहर में एक कपड़े की दुकान पर काम कर रहा है। जयपुर पुलिस की टीम जब सूरत पहुंची, तो भनक लगते ही आरोपी वहां से भी भाग निकला।
थानाधिकारी सतीश चंद ने बताया कि सूरत से भागने के बाद पुलिस ने आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट्स (फेसबुक, इंस्टाग्राम), मोबाइल लोकेशन और बैंक ट्रांजेक्शन की गहनता से मॉनिटरिंग की। इससे पुलिस को उसके उत्तर प्रदेश के वृंदावन (मथुरा) में छिपे होने का सुराग मिला। पुलिस टीम ने वृंदावन में भी रेड मारी, लेकिन आरोपी वहां से भी भाग निकलने में कामयाब रहा।
लगातार आरोपी का पीछा कर रही पुलिस टीम को 5 अगस्त की तड़के करीब दो बजे सूचना मिली कि आरोपी जयपुर के प्रताप नगर इलाके में देखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम और साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी रामवीर जाटव को धर दबोचा।