खाड़ी देशों की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। जयपुर से आबूधाबी के बीच बंद हुई हवाई सेवा एक बार फिर शुरू हो गई है। एतिहाद एयरवेज ने खाड़ी क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात के चलते अस्थाई रूप से बंद की गई फ्लाइट का संचालन दोबारा शुरू कर दिया है।
Jaipur Abu Dhabi Flight Restart: राजधानी जयपुर से खाड़ी देशों के लिए हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आबूधाबी के लिए बहुप्रतीक्षित दूसरी फ्लाइट सेवा एक बार फिर बहाल कर दी गई है।
बता दें कि एतिहाद एयरवेज ने अपनी उड़ानों (EY-328 और EY-329) का संचालन दोबारा शुरू कर दिया है, जिससे यात्रियों को अब यात्रा के लिए अधिक विकल्प मिल सकेगा।
ये भी पढ़ें
गौरतलब है कि मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, विशेषकर ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध जैसे हालात और सुरक्षा चिंताओं के कारण खाड़ी देशों की कई उड़ानों पर असर पड़ा था। इसी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत एतिहाद एयरवेज ने 1 मार्च को अपनी इस दूसरी सेवा को अस्थाई रूप से बंद कर दिया था।
हालांकि, अब क्षेत्र में सीजफायर और परिस्थितियों में सुधार को देखते हुए एयरलाइन ने अपनी सेवाओं को पूर्ववत करने का निर्णय लिया है।
एविएशन एक्सपर्ट्स का मानना है कि जयपुर एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय पैसेंजर्स का दबाव लगातार बढ़ रहा है। जयपुर एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की स्थिति अब पूरी तरह सामान्य होने की ओर है।
एयरपोर्ट अधिकारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में खाड़ी देशों के साथ-साथ अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए भी उड़ानों की संख्या में और इजाफा हो सकता है, जिससे जयपुर एयरपोर्ट एक प्रमुख इंटरनेशनल हब के रूप में उभरेगा।