Jaipur to Mumbai Flights: जयपुर से मुंबई के लिए गुरुवार रात से एक नई फ्लाइट शुरू हुई। इससे देर रात आवाजाही करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। खास बात है कि इस समय स्लॉट में नई फ्लाइट शुरू होने से खासतौर पर लेट नाइट ट्रैवल करने वाले पैसेंजर्स को सुविधा मिलेगी।
New Flight Launched Between Jaipur and Mumbai: जयपुर: गुलाबी नगरी और मायानगरी मुंबई के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से मुंबई के लिए गुरुवार रात से एक और नई उड़ान सेवा का आगाज हो गया है। स्पाइसजेट एयरलाइंस की इस पहल के बाद अब दोनों शहरों के बीच प्रतिदिन संचालित होने वाली फ्लाइट्स की कुल संख्या बढ़कर 11 हो गई है।
अक्सर बिजनेस ट्रिप या इमरजेंसी के कारण यात्रियों को देर रात यात्रा करने की आवश्यकता होती है। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, इस नए टाइम स्लॉट से विशेष रूप से उन यात्रियों को फायदा होगा, जो दिन भर का काम निपटाकर रात में सफर करना पसंद करते हैं।
जयपुर-मुंबई रूट देश के सबसे व्यस्ततम हवाई मार्गों में से एक माना जाता है। पर्यटन के लिहाज से राजस्थान आने वाले सैलानियों और व्यापारिक गतिविधियों के लिए मुंबई जाने वाले उद्यमियों की इस रूट पर हमेशा भारी भीड़ रहती है। नई फ्लाइट शुरू होने से न केवल टिकटों की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि प्रतिस्पर्धा के कारण यात्रियों को किराए में भी राहत मिलने की उम्मीद है।
इस नई सेवा के शुरू होने से यात्रियों के पास अब समय के चयन के लिए अधिक विकल्प उपलब्ध हैं। अब तक जयपुर एयरपोर्ट से विभिन्न एयरलाइंस की 10 फ्लाइट्स मुंबई के लिए संचालित हो रही थीं, जो अब बढ़कर 11 हो गई हैं। इससे जयपुर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है, जिससे आने वाले समय में पैसेंजर ट्रैफिक में भी बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में कुछ अन्य एयरलाइंस भी जयपुर से प्रमुख महानगरों के लिए नई उड़ानें शुरू कर सकती हैं। फिलहाल, स्पाइसजेट की इस लेट नाइट फ्लाइट ने यात्रियों के लिए सफर को और भी सुगम बना दिया है।