
जयपुर में अस्पताल की केयरटेकर ने की आत्महत्या (पत्रिका फाइल फोटो)
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां द्वारिकापुरी इलाके में एक निजी अस्पताल में केयरटेकर के रूप में कार्यरत लड़की ने अपने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
बता दें कि घटना का खुलासा बुधवार रात तब हुआ, जब मृतका के बंद कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी और पड़ोसियों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचित किया।
प्रतापनगर थानाप्रभारी पूरणमल यादव ने बताया कि मृतका की पहचान मध्यप्रदेश निवासी मधु के रूप में हुई है। मधु जयपुर के एक निजी अस्पताल में केयरटेकर की नौकरी करती थी और द्वारिकापुरी में अकेली रहती थी।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, पिछले एक-दो दिनों से उसे बाहर नहीं देखा गया था। बुधवार रात को जब उसके कमरे से असहनीय बदबू आने लगी, तो आसपास के लोगों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का नजारा देख सभी दंग रह गए। मधु का शव पंखे से लटका हुआ था। शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि आत्महत्या करीब दो से तीन दिन पहले की गई होगी। पुलिस ने तुरंत FSL की टीम को मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस को तलाशी के दौरान मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। पुलिस मृतका के मोबाइल फोन और अन्य सामान की जांच कर रही है, ताकि मौत के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
शव को फिलहाल महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मृतका के परिजनों को मध्यप्रदेश में सूचना दे दी गई है। उनके जयपुर पहुंचने के बाद ही पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
-पूरणमल यादव, थानाप्रभारी
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या मधु किसी मानसिक तनाव, कार्यस्थल की परेशानी या निजी कारणों से परेशान थी। बिना किसी सुसाइड नोट के, पुलिस अब उसके कॉल रिकॉर्ड्स और सहकर्मियों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
Published on:
17 Apr 2026 07:30 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
