
जयपुर. शहर के विश्वकर्मा (लोहामंडी कट) में शुक्रवार दोपहर एक ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने देखने वालों की रूह कंपा दी। सुबह जो लोग अपने घरों से हंसते-खेलते और रोजी-रोटी के लिए निकले थे, उन्हें क्या पता था कि यह उनका आखिरी दिन साबित होगा। एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर ने सड़क पर मौत का ऐसा तांडव मचाया कि पलभर में तीन हंसते-खेलते परिवार हमेशा के लिए उजड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर बिखरे वाहनों के टुकड़े, उड़ता धूल का गुबार और अपनों की तलाश में बिलखते परिजन की चीख-पुकार ने माहौल को गमगीन कर दिया।
दादी का फाटक निवासी रमेश चंव शर्मा प्लाईवुड और प्रॉपर्टी का काम कर अपने परिवार का पेट 2301 पालते थे। शुक्रवार सुबह वह घर से क्लाइंट को प्रॉपर्टी दिखाने की कहकर अपनी कार से निकले थे, लेकिन रास्ते में मौत बनकर आए ट्रेलर ने उनकी सांसें हमेशा के लिए थाम दीं। रमेश के परिवार में दो बेटियां (रोशन और खुशी) हैं। मुर्दाघर के बाहर छोटे भाई कैलाश का रो-रोकर बुरा हाल था। कैलाश की बेटी की फरवरी में शादी होनी है, जिसके चलते घर में खरीदारी और जश्न का माहौल था। लेकिन एक झटके में भाई की अर्थी उठने से परिवार की सारी खुशियां मातम में बदल गई।
रेनवाल-फागी निवासी हनुमान सहाय मुरलीपुरा स्थित ससुराल आए हुए थे। शुक्रवार सुबह ससुराल में भोजन करने के बाद वह विश्वकर्मा पहुंचे थे और वहां से उन्हें 200 फीट बायपास की तरफ जाना था। सड़क किनारे खड़े हनुमान सहाय को क्या पता था कि चंद पलों बाद उनका संसार उजडने वाला है। बेकाबू ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हनुमान सहाय की दो बेटियां हैं। अचानक सिर से पिता का साया उठने के बाद अब इस परिवार के सामने रोजमर्रा की जिंदगी और पालन-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
दुकानदार विष्णु गर्ग ने बताया, दोपहर करीब 12 बजे मैं अपनी दुकान पर बैठा था। अचानक सामने से एक बेकाबू ट्रेलर दौड़ा चला आ रहा था। उसने पहले आगे चल रही एक गाड़ी को टक्कर मारी, फिर दूसरी गाड़ी को चपेट में लिया और सड़क पर पैदल चल रहे व्यक्ति को बुरी तरह कुचल दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि कलेजा कांप गया।
राजेंद्र शर्मा ने कहा, सुबह तक सब कुछ सामान्य था। अचानक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर आया और चारों तरफ धुआं व धूल का गुबार छा गया। पहले तो हम सब घबरा गए, लेकिन फिर तुरंत हिम्मत जुटाकर घायलों की मदद के लिए दौड पड़े।
स्थानीय निवासी श्रवण लाल शर्मा ने बताया, मैं अपनी दुकान पर चाय बना रहा था। तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रेलर आता दिखाई दिया। हम कुछ समझ पाते या संभलते, उससे पहले ही उसने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और हर तरफ चीख-पुकार मच गई।
बेहतर भविष्य की उम्मीद से लोहामंडी में किराए पर रहकर ड्राई प्रिंटिंग का काम करने वाले नवरंग के लिए शुक्रवार का दिन दर्दनाक साबित हुआ। बाइक राइड का इंतजार कर रहे नवरंग को भी ट्रेलर ने चपेट में ले लिया, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। चार-पांच घंटे बाद होश आने पर उसे हादसे की विभीषिका का पता चला। परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चों की जिम्मेदारी नवरंग पर ही है। अब उसके पैर का ऑपरेशन होना है, जिससे पूरा परिवार गहरे सदमे और संकट में है।