
जयपुर। पिता की हत्या का बदला लेने की आग सात साल तक सीने में सुलगती रही। बुधवार सुबह मिले एक ताने ने इस आग को भड़का दिया और कुछ ही घंटों में पुरानी रंजिश का खौफनाक अंजाम सामने आ गया। करधनी इलाके के जगदम्बा नगर में आरोपियों ने विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया की गाड़ी को टक्कर मारकर रोका और कुल्हाड़ियों से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल किराए की कैम्पर भी जब्त की गई है।
एडिशनल कमिश्नर डॉ. रामेश्वर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में अनीश गोल्या उर्फ जग्गू (21), कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू (23), युवराज चौधरी (23) और दिनेश चौधरी उर्फ दीनू (23) शामिल है। युवराज तिबारिया और दिनेश हिंगोनिया, जोबनेर के रहने वाले हैं। अनीश ने एक निजी यूनिवर्सिटी से बीटेक किया है। आरोपियों ने '7007' नाम से गैंग बना रखी थी। पुलिस इनके आपराधिक रिकॉर्ड और गैंग की अन्य गतिविधियों की जांच कर रही है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी अनीश के पिता कैलाश गोल्या की 12 नवंबर 2019 को हत्या हुई थी। इस मामले में विजय बाजिया का नाम सामने आया था। उस समय अनीश 15 साल का था। तभी से वह पिता की हत्या का बदला लेने की रंजिश पाले हुए था। बुधवार सुबह करीब 11 बजे अनीश अपने ताऊ के बेटे कमलेश के साथ तिबारिया गांव में ग्वार बेचने जा रहा था। रास्ते में विजय से सामना हुआ। आरोप है कि विजय ने पिता की हत्या का ताना देते हुए अनीश को धमकी दी। इससे नाराज होकर अनीश ने कमलेश के साथ मिलकर साथी युवराज और दिनेश को भी बुला लिया। दोपहर करीब दो बजे चारों ने हत्या की साजिश रची।
डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण के अनुसार, आरोपियों ने 750 रुपए में तीन कुल्हाड़ियां खरीदीं और 180 रुपए में उनके हत्थों के लिए बांस लिया। पहचान छिपाने के लिए काले शीशों वाली कैम्पर किराए पर ली। युवराज ने सोशल मीडिया के स्टेटस से विजय और उसकी गाड़ी की तस्वीरें जुटाई और पीछा किया।
वारदात के बाद आरोपी नाकाबंदी के दौरान शहर में इधर-उधर भटकते रहे। शहर से बाहर निकलने के लिए एक आरोपी ने मोबाइल चालू कर गूगल मैप चलाया। पुलिस पहले से तकनीकी निगरानी कर रही थी। मोबाइल की लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर चारों आरोपियों को रात करीब 1:30 बजे करधनी थाने के पास से पकड़ लिया गया। मृतक के भाई बजरंग की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।