जयपुर। राजस्थान की नौकरशाही में एक बार फिर प्रशासनिक फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। प्रदेश में कई महत्वपूर्ण विभाग नियमित मुखिया के बजाय अतिरिक्त प्रभार के भरोसे चल रहे हैं। ऐसे में आइएएस अधिकारियों की तबादला सूची का इंतजार है। दरअसल, प्रदेश की नौकरशाही इन दिनों अधिकारियों की कमी और अतिरिक्त कार्यभार की दोहरी चुनौती से जूझ रही है। हालात यह है कि सरकार के कई प्रमुख विभाग नियमित मुखिया के बजाय अतिरिक्त प्रभार के भरोसे संचालित हो रहे हैं। इनमें उद्योग, ऊर्जा, चिकित्सा शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का जिम्मा अतिरिक्त प्रभार के भरोसे है। इसके चलते विभागीय कामकाज पर भी असर पड़ रहा है।