जयपुर

जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाज्या की हत्या: बदला लेने के लिए बनाई नई गैंग; जानिए आखिर क्या है पूरा सच

करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह तंवर ने बताया कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने गैंग बनाई और विजय की हत्या की योजना तैयार की।
3 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 12:27 PM IST
vijay bajiya case
Vijay Bajiya case, Photo- Patrika

जयपुर। सात साल पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। करधनी थाना क्षेत्र के रावण गेट के पास जगदम्बा नगर में जोबनेर थाने के हिस्ट्रीशीटर विजय चौधरी उर्फ विजय बाज्या (35) की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करधनी थाना पुलिस, डीएसटी और अन्य थानों की टीमों ने वारदात के 12 घंटे के भीतर ही मामले का खुलासा कर दिया। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे करीब सात साल पुरानी आपसी रंजिश सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गैंग बनाकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि बुधवार रात 11 नवंबर को रावण गेट के पास जगदम्बा नगर में कैंपर और अन्य वाहनों में सवार होकर आए बदमाशों ने विजय बाज्या की गाड़ी को घेर लिया। इसके बाद कुल्हाड़ी, लाठी और सरियों से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक के भाई बजरंग बाज्या की रिपोर्ट पर करधनी थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

वारदात के लिए कैसे बनाई योजना

करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह तंवर ने बताया कि हत्या के पीछे करीब सात साल पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस के अनुसार मृतक विजय बाज्या और उसके साथियों ने करीब सात साल पहले गिरफ्तार आरोपी अनीश गोल्या के पिता कैलाश चंद गोल्या की हत्या की थी। इसी घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच दुश्मनी चली आ रही थी। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने गैंग बनाई और विजय की हत्या की योजना तैयार की।

कैंपर से पीछा कर कार को मारी टक्कर

पुलिस जांच के अनुसार आरोपियों ने पहले भी मृतक को कई बार धमकियां दी थीं। वारदात के दिन आरोपियों ने कैंपर से विजय की गाड़ी का पीछा किया। इसके बाद उसकी कार को टक्कर मारकर रास्ता रोक दिया और उसे रुकने पर मजबूर कर दिया। आरोपियों ने धारदार कुल्हाड़ियों से उसके शरीर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

मृतक हिस्ट्रीशीटर विजय बाज्या (पत्रिका फाइल फोटो)

अलग-अलग टीमें बनाकर चार आरोपियों को दबोचा

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी प्रशांत किरण ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता एवं अदिति उपाध्याय (आईपीएस प्रोबेशनर) के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त झोटवाड़ा शिव कुमार भारद्वाज के सुपरविजन में करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह तंवर के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने तलाश कर चारों आरोपियों को दस्तयाब किया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वारदात में प्रयुक्त कैंपर वाहन भी जब्त किया गया है।

चार आरोपी गिरफ्तार

अनीश गोल्या उर्फ जग्गू (21), कमलेश गोल्या उर्फ कमल उर्फ जोरू व युवराज चौधरी (23) तीनों निवासी तिबरिया थाना जोबनेर क्षेत्र के निवासी हैं। वहीं चौथ आरोपी दिनेश चौधरी उर्फ दीनू (23) निवासी हिंगोनिया थाना जोबनेर क्षेत्र का निवासी है। पुलिस ने मृतक के शव का जयपुर के कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

पुलिस की गिरफ्तर में चारों आरोपी। फोटो: पत्रिका

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह तंवर, जिला विशेष टीम प्रभारी गणेश सैनी, करधनी थाने के उपनिरीक्षक आशीष कुमार, भांकरोटा थाने के उपनिरीक्षक सुरेन्द्र, सहायक उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र, हेड कांस्टेबल शेरसिंह, दिनेश (साइबर सेल कार्यालय), भरत (जिला विशेष टीम), झोटवाड़ा थाने के हैड कांस्टेबल बलराम, कांस्टेबल महेश, विनय, हीरालाल, दिनेश, किशोर सिंह, कालवाड़ थाने के कांस्टेबल बाबूलाल, गजानन्द, राज महेन्द्र (साइबर सेल कार्यालय) रोहिताश, बलराम (मुरलीपुरा) और कांस्टेबल राकेश (भांकरोटा) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Updated on:
13 Nov 2026, 12:27 PM IST
Published on: