जयपुर

जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाज्या की हत्या पर खाचरियावास का बड़ा बयान, बोले- जेल के भीतर से चल रहा अपराध

जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाज्या की हत्या ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने सरकार को घेरते हुए दावा किया कि राजधानी में 40 से ज्यादा गैंग सक्रिय हैं और जेलों के भीतर से वसूली का नेटवर्क चल रहा है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 5:53 PM IST
Pratap Singh Khachariyawas
Pratap Singh Khachariyawas (photo-patrika)

जयपुर। राजधानी जयपुर में हिस्ट्रीशीटर विजय बाज्या की सरेराह हत्या के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने करधनी में हुई गैंगवार की वारदात को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि जेलों के भीतर से हत्या, वसूली और आपराधिक गतिविधियों का नेटवर्क संचालित हो रहा है। राजधानी में 40 से ज्यादा गैंग सक्रिय हैं, लेकिन पुलिस और सरकार इन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पा रही हैं।

अपने आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में खाचरियावास ने कहा कि जयपुर में अब कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा। हत्या, लूट, चोरी, अपहरण और रंगदारी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। करधनी में विजय बाज्या की हत्या इसी बिगड़ती व्यवस्था का उदाहरण है। अपराधियों को कानून का डर नहीं रहा और वे खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री स्वयं गृह विभाग संभाल रहे हैं, तो राजधानी की बिगड़ती कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी कौन लेगा?

जेलों से चल रहा वसूली और अपराध का नेटवर्क

पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश की जेलों में बंद अपराधी बाहर अपने नेटवर्क के जरिए आपराधिक गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। जेलों के भीतर से वसूली का खेल चलने और गैंगस्टरों के सक्रिय रहने पर उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। सोशल मीडिया पर गैंग के नाम से पोस्ट डालने और अपराधियों की खुलेआम सक्रियता के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि जयपुर में दुकानदार, व्यापारी और आम परिवार तक सुरक्षित नहीं हैं। कब और कहां किसी के साथ वारदात हो जाए, इसका भरोसा नहीं है। घटना होने के बाद पुलिस कुछ समय तक सक्रिय दिखाई देती है, लेकिन फिर दूसरी वारदात सामने आ जाती है। अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ खत्म होना गंभीर चिंता का विषय है।

थानों में जाने से डर रहा आम आदमी

खाचरियावास ने पुलिस के व्यवहार को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि शिकायत लेकर थाने पहुंचने वाले आम लोगों को सम्मानजनक व्यवहार और न्याय का भरोसा मिलना चाहिए, लेकिन मौजूदा हालात में लोग थानों में जाने से भी कतराते हैं। पत्रकारों के साथ पुलिस के व्यवहार पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनका कहना था कि पुलिस की जवाबदेही तय होनी चाहिए और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

क्लबों के संचालन से लेकर महिला सुरक्षा तक उठाए सवाल

पूर्व मंत्री ने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए महिला अपराध और दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में गैंगवार और महिला अपराध की स्थिति चिंताजनक है। जयपुर के नाइट क्लबों का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि निर्धारित समय सीमा के बाद भी क्लब संचालित हो रहे हैं और नियमों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए।

राज्यपाल से मिलेंगे, आंदोलन की चेतावनी

मुख्यमंत्री के दौरों पर तंज कसते हुए खाचरियावास ने कहा कि सरकार को चाय-समोसे और आयोजनों से आगे बढ़कर जनता की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री स्पष्ट करें कि अपराध नियंत्रण के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। खाचरियावास ने चेतावनी दी कि सरकार ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो वे राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और आमजन की सुरक्षा के मुद्दे पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।

Updated on:
12 Nov 2026, 5:53 PM IST
Published on: