जयपुर

राजधानी जयपुर में पानी सप्लाई के समय में बदलाव, कल से बड़े इलाके में सुबह की जगह दोपहर आएगा पानी

विभाग ने इन क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे नए समय को ध्यान में रखते हुए पानी संग्रह की व्यवस्था करें। साथ ही विभाग ने जल संरक्षण पर ध्यान देने की लोगों से अपील की है।
2 min read
Mar 31, 2026
Jaipur water supply
फाइल फोटो-पत्रिका

जयपुर। राजधानी के कुछ प्रमुख इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए जलापूर्ति को लेकर अहम बदलाव किया गया है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) ने शहर के अजमेरी गेट और जवाहर नगर क्षेत्रों में पानी सप्लाई के समय में परिवर्तन करने का निर्णय लिया है। यह नया शेड्यूल 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा। विभाग के अनुसार अब इन क्षेत्रों में सुबह की बजाय दोपहर के समय पानी की आपूर्ति की जाएगी, जिससे पानी का प्रेशर बेहतर रहने की उम्मीद है।

अब तक इन इलाकों में सुबह 7:15 बजे से 8:30 बजे के बीच पानी दिया जाता था। लेकिन नई व्यवस्था के तहत यह समय बदलकर दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि समय बदलने का उद्देश्य लोगों को प्रेशर के साथ पानी उपलब्ध कराना है, क्योंकि पहले कई घरों में कम प्रेशर की शिकायतें सामने आती थीं।

इन इलाकों में बदलेगा समय

इस बदलाव का असर अजमेरी गेट के उत्तरी हिस्से और जवाहर नगर के दक्षिणी हिस्से के कई मोहल्लों पर पड़ेगा। अजमेरी गेट इलाके में वाल्मीकि कॉलोनी, कप्तान जी का हत्था, लड़ी वालों की बगीची, जुम्मा बाजार और कड़वी मंडी जैसे क्षेत्रों के लोगों को अब नए समय के अनुसार पानी मिलेगा। वहीं जवाहर नगर में केंद्रीय कारागार के आसपास का क्षेत्र, सुदामापुरी, अग्रवाल कॉलेज क्षेत्र और मीणा मोहल्ला के निवासियों को भी इसी शेड्यूल के अनुसार जलापूर्ति की जाएगी।

ट्रॉयल के बाद लिया गया निर्णय

पीएचईडी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजय सिंह राठौड़ के मुताबिक विभाग ने यह फैसला जल्दबाजी में नहीं लिया है। पिछले तीन दिनों तक इन क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर जलापूर्ति का परीक्षण किया गया था। इस ट्रायल के दौरान पाया गया कि दोपहर के समय पानी का दबाव अपेक्षाकृत ज्यादा और सप्लाई बेहतर रही। इसी आधार पर स्थायी रूप से समय बदलने का निर्णय लिया गया।

लोगों से पानी की बचत करने की अपील

विभाग ने इन क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे नए समय को ध्यान में रखते हुए अपने पानी संग्रह की व्यवस्था करें। साथ ही विभाग ने जल संरक्षण पर ध्यान देने की लोगों से अपील की है, किसी भी हालत में पानी की बर्बादी नहीं हो। ताकि सभी घरों तक पर्याप्त पानी पहुंच सके।

Updated on:
31 Mar 2026 08:20 pm
Published on:
31 Mar 2026 03:07 pm