
जयपुर. जयपुर में अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के खिलाफ Jaipur Development Authority (जेडीए) ने शुक्रवार को बड़ा अभियान चलाते हुए शहर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। इस दौरान कई जगहों पर बिना अनुमति बसाई जा रही कॉलोनियों को तोड़ा गया, वहीं करोड़ों रुपए की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
बेगस रोड और रामकुई में अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई
बेगस रोड स्थित ग्राम बसेड़ी में करीब 6 बीघा निजी खातेदारी कृषि भूमि पर बिना अनुमति मिट्टी-ग्रेवल सड़कें और अन्य निर्माण कर अवैध कॉलोनी बसाई जा रही थी। सूचना मिलने पर जेडीए ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण किया।
इसी तरह रामकुई के पास करीब 3 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर भी कार्रवाई करते हुए निर्माण हटाए गए। दोनों ही मामलों में ध्वस्तीकरण पर आए करीब 50-50 हजार रुपए खर्च की वसूली संबंधित व्यक्तियों से की जाएगी।
जगतपुरा और लालकोठी में अतिक्रमण हटाया
जगतपुरा में जेडीए स्टाफ कॉलोनी के पास सुविधा क्षेत्र की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर टीनशेड डालकर सर्विस सेंटर चलाया जा रहा था। जेडीए ने कार्रवाई करते हुए इसे हटाकर जमीन को मुक्त कराया।
वहीं लालकोठी क्षेत्र में इमली फाटक से संस्कार मार्ग के पास स्थित पार्क की जमीन पर दोबारा किए गए अतिक्रमण—बांस, तंबू और तिरपाल हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया।
जयसिंहपुरा खोर में 15 करोड़ की जमीन मुक्त
जयसिंहपुरा खोर में खसरा नंबर 505/1 में करीब 5 बीघा सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर सड़कें, मकान ढांचे और बाउंड्री वॉल बनाई जा रही थी। जेडीए ने जेसीबी से कार्रवाई करते हुए सभी निर्माण ध्वस्त किए। मुक्त कराई गई जमीन की अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
इकोलॉजिकल जोन और किलनगढ़ में भी एक्शन
ग्राम बल्लूपुरा के इकोलॉजिकल जोन में करीब 1 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी बसाने के प्रयास में बनाई गई बाउंड्री वॉल और सड़कें हटाई गईं।
वहीं ग्राम किलनगढ़ में खसरा नंबर 188/2 में करीब 4 बीघा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर बनाई गई अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया गया। यहां मुक्त कराई गई जमीन की कीमत करीब 12 करोड़ रुपए आंकी गई है।