
Rajasthan Vande Bharat trains: जयपुर। राजस्थान को दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगातें मिलने वाली हैं। इनमें एक ट्रेन जोधपुर से दिल्ली तो वहीं दूसरी ट्रेन बीकानेर से दिल्ली चलेगी। रेलवे सूत्रों के अनुसार जोधपुर से दिल्ली का सफर 8 घंटे में तय होगा। वहीं बीकानेर से चलने वाली यह ट्रेन सवा छह घंटे में दिल्ली केंट पहुंच जाएगी।
यहां देखें इन दोनों वंदे भारत ट्रेनों का संभावित टाइम शेड्यूल...।
| क्रम | स्टेशन | (जोधपुर – दिल्ली कैंट) | (दिल्ली कैंट – जोधपुर) |
|---|---|---|---|
| 1 | जोधपुर (JU) | प्रस्थान – 05:30 | आगमन – 23:15 |
| 2 | डेगाना (DNA) | आगमन – 07:04, प्रस्थान – 07:06 | आगमन – 21:24, प्रस्थान – 21:26 |
| 3 | मकराना (MKN) | आगमन – 07:34, प्रस्थान – 07:36 | आगमन – 20:54, प्रस्थान – 20:56 |
| 4 | फुलेरा (FL) | आगमन – 08:45, प्रस्थान – 08:47 | आगमन – 20:08, प्रस्थान – 20:10 |
| 5 | जयपुर (JP) | आगमन – 09:35, प्रस्थान – 09:40 | आगमन – 19:10, प्रस्थान – 19:15 |
| 6 | अलवर (AWR) | आगमन – 11:18, प्रस्थान – 11:20 | आगमन – 17:13, प्रस्थान – 17:15 |
| 7 | रेवाड़ी (RE) | आगमन – 12:23, प्रस्थान – 12:25 | आगमन – 16:25, प्रस्थान – 16:27 |
| 8 | गुरुग्राम (GGN) | आगमन – 13:00, प्रस्थान – 13:01 | -------- |
| 9 | दिल्ली कैंट (DEC) | आगमन – 13:30 | प्रस्थान – 15:10 |
| स्टेशन का नाम | बीकानेर से दिल्ली कैंट | दिल्ली कैंट से बीकानेर |
|---|---|---|
| बीकानेर (BKN) | प्रस्थान – 05:45 | आगमन – 23:00 |
| रतनगढ़ (RTGH) | आगमन – 07:18, प्रस्थान – 07:20 | आगमन – 20:53, प्रस्थान – 20:55 |
| चूरू (CUR) | आगमन – 08:00, प्रस्थान – 08:05 | आगमन – 20:20, प्रस्थान – 20:25 |
| रेवाड़ी (RE) | आगमन – 10:45 | प्रस्थान – 18:00 |
| दिल्ली कैंट (DEC) | आगमन – 11:50 | प्रस्थान – 16:45 |
राजस्थान में फिलहाल जोधपुर-साबरमती, उदयपुर-जयपुर, उदयपुर-आगरा और अजमेर-चंडीगढ़ के बीच वंदेभारत ट्रेनें संचालित हैं। इनमें अजमेर-चंडीगढ़ वंदेभारत लगभग फुल ऑक्यूपेंसी के साथ चल रही है, जबकि अन्य ट्रेनों में 50 से 70 फीसदी तक ही यात्रीभार मिल रहा है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, जयपुर-इंदौर रूट पर भी वंदेभारत की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में जल्द इस रूट पर भी सौगात मिल सकेगी।
राजधानी जयपुर पहले से ही दो वंदेभारत ट्रेनों से जुड़ा है। यहां से अजमेर-चंडीगढ़ वाया दिल्ली कैँट व उदयपुर से जयपुर वंदेभारत संचालित हो रही हैँ। अब जोधपुर-दिल्ली कैंट वाया जयपुर वंदेभारत ट्रेन शुरू होने से जयपुर को तीसरी वंदेभारत ट्रेन की सेवा मिल जाएगी। भले ही जयपुर मंडल को खुद की कोई रैक न मिली हो, लेकिन लगातार बढ़ती हाईस्पीड कनेक्टिविटी से शहर हाईस्पीड हब की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
दरअसल, जोधपुर और बीकानेर से राजधानी दिल्ली को वंदेभारत के जरिए हाईस्पीड रेल नेटवर्क से जोडऩे की कवायद लंबे समय से चल रही थी। जिस पर अब पूर्णतय मुहर लग गई है। रेलवे बोर्ड ने जोधपुर से वाया जयपुर व बीकानेर से वाया चूरू होते हुए दिल्ली कैंट तक वंदेभारत ट्रेन चलाने की हरी झंडी दे दी है। जिसके बाद उत्तर पश्चिम रेलवे इन दोनों रूट पर इनका संचालन जल्द शुरू करने की तैयारी में पुरजोर जुट गया है।
इस संबंध में रेलवे अधिकारियों का कहना है कि दोनों रैक अगले सप्ताह तक मिल जाएगी। ऐसे में कोशिश रहेगी कि, इस महीने के अंत तक या सितम्बर माह के पहले सप्ताह में दोनों रूट पर वंदेभारत ट्रेन का संचालन शुरु हो जाएगा। गौरतलब है कि, इस परियोजना को तेजी देने के लिए हाल ही में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात भी की थी। इसके बाद प्रक्रिया में और तेजी आई और दोनों सेवाओं को हरी झंडी मिल गई है।