जयपुर

Illegal Liquor: राजस्थान में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 15 दिन में 1.57 करोड़ की अंग्रेजी मदिरा जब्त

Excise Department Rajasthan: विशेष अभियान के तहत 14 से 29 सितंबर 2026 तक प्रदेशभर में 1135 अभियोग दर्ज किए गए हैं। इस दौरान भारत निर्मित विदेशी मदिरा की करीब 15,845 लीटर खेप जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 57 लाख 78 हजार 440 रुपये बताई गई है।
2 min read
• •
Sep 30, 2026
Illegal Liquor
Photo Patrika

Liquor Seized: जयपुर. राजस्थान में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान में आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। जोधपुर में भारतमाला हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से करीब 70 लाख रुपए कीमत की अवैध अंग्रेजी मदिरा बरामद की गई। ट्रक में चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित शराब के 750 कार्टन भरे हुए थे। कार्रवाई के दौरान चालक को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आबकारी विभाग के अनुसार, आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेशभर में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। जोधपुर टीम को मुखबिर से ट्रक में अवैध शराब की खेप ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद भारतमाला हाईवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका गया। जांच में ट्रक से ऑल सीजन व्हिस्की, रॉयल चैलेंज व्हिस्की और चार्ली व्हिस्की के 750 कार्टन बरामद हुए।

चंडीगढ़ में बिक्री के लिए थी शराब

जोधपुर में पकड़ी गई शराब पर फोर सेल इन चंडीगढ़ अंकित था। यानी यह मदिरा चंडीगढ़ क्षेत्र में बिक्री के लिए निर्धारित थी। दूसरे राज्य की शराब को राजस्थान में लाकर अवैध रूप से परिवहन किए जाने के मामले में विभाग ने ट्रक और पूरी शराब की खेप जब्त कर ली है। अब जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे राजस्थान में कहां पहुंचाया जाना था।

प्रदेशभर में 1135 मामले दर्ज

विशेष अभियान के तहत 14 से 29 सितंबर 2026 तक प्रदेशभर में 1135 अभियोग दर्ज किए गए हैं। इस दौरान भारत निर्मित विदेशी मदिरा की करीब 15,845 लीटर खेप जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 57 लाख 78 हजार 440 रुपये बताई गई है। इसके अलावा देशी मदिरा, बीयर और हथकड़ शराब भी बड़ी मात्रा में जब्त की गई है।

3.87 लाख लीटर वॉश नष्ट

अवैध शराब बनाने के खिलाफ भी आबकारी विभाग ने कई जिलों में कार्रवाई की। अभियान के दौरान 3 लाख 87 हजार 616 लीटर वॉश नष्ट किया गया। हनुमानगढ़ में 6 हजार लीटर वॉश के साथ 10 कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं। भरतपुर, डीग और कुम्हेर में संयुक्त कार्रवाई के दौरान 1500 लीटर वॉश और 6 भट्टियां नष्ट की गईं।

41 वाहन जब्त, 503 गिरफ्तार

अवैध शराब के खिलाफ अभियान में अब तक बड़े वाहनों, चार पहिया और दुपहिया वाहनों सहित कुल 41 वाहन जब्त किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान अवैध मदिरा से जुड़े 503 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कोटा, केकड़ी, सिरोही, आबूरोड, बारां, टोंक सहित कई जिलों में भी शराब और वॉश के खिलाफ कार्रवाई की गई।

आबकारी विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण और दूसरे राज्यों से राजस्थान में होने वाले अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाना है। जोधपुर में पकड़ी गई 70 लाख रुपये की खेप की जांच के साथ अब इसकी सप्लाई चेन से जुड़े लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Updated on:
30 Sept 2026 08:39 pm
Published on:
30 Sept 2026 08:39 pm