
Rajasthan Politics : जयपुर। खेलो राजस्थान यूथ गेम्स के आयोजन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और भाजपा सरकार के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। गहलोत की ओर से बजट घोषणा के बावजूद आयोजन नहीं होने पर सवाल उठाए जाने के बाद विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने गहलोत की बजट फाइल्स सीरीज को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अपने शासनकाल की अधूरी घोषणाएं भूलकर अब जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। पटेल ने दावा किया कि खेलो राजस्थान यूथ गेम्स के लिए अब तक 2 लाख 31 हजार से अधिक खिलाड़ी पंजीकरण करा चुके हैं।
बयान में पटेल ने कहा कि अशोक गहलोत जुलाई 2024 के बजट में खेलो राजस्थान यूथ गेम्स और प्रतिवर्ष 50 करोड़ रुपए के प्रावधान का हवाला देकर सवाल उठा रहे हैं, जबकि वर्तमान सरकार खेलों को प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रखकर प्रतिभाओं की पहचान, वैज्ञानिक मूल्यांकन और प्रशिक्षण की व्यवस्था विकसित कर रही है। उन्होंने कांग्रेस शासन के ग्रामीण ओलंपिक की घोषणाओं का उल्लेख करते हुए गहलोत पर तंज कसा।
सरकार ने प्रतिभा योजना शुरू की है। इसके तहत प्रदेश के 70 लाख से अधिक बच्चों का खेल प्रतिभा मूल्यांकन करने का लक्ष्य है। विद्यालय, जिला और राज्य स्तर पर तीन चरणों में परीक्षण होंगे। इनमें दौड़, मेडिसिन बॉल थ्रो, प्लेट टैपिंग और पार्शियल कर्ल-अप जैसे परीक्षण शामिल हैं। इसके आधार पर करीब 3,000 उभरती और 10,000 नवोदित प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इससे पहले कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने 'खेलो राजस्थान यूथ गेम्स' के आयोजन में देरी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जुलाई 2024 और फरवरी 2026 के बजट में इस आयोजन की घोषणा दोहराई और दोनों बार 50-50 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रावधान बताया, लेकिन अब तक एक बार भी प्रतियोगिताएं नहीं कराई गईं। गहलोत ने शनिवार को सोशल मीडिया पर अपनी वीडियो सीरीज 'बजट फाइल्स' का दूसरा एपिसोड जारी कर सरकार से जवाब मांगा।